प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर विपक्ष को संकीर्ण राजनीति नहीं करनी चाहिएः राजीव रंजन
नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने प्रधानमंत्री मोदी की घर से काम करने की अपील, नीट के प्रश्नपत्र लीक होने और नगर निगम भर्ती घोटाले में पूर्व बंगाल मंत्री सुजीत बोस की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि असाधारण परिस्थितियों में विपक्ष को संकीर्ण राजनीतिक हितों से प्रेरित बयान देने से बचना चाहिए।
राजीव रंजन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में संकट के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी के संकेत उभर रहे हैं। प्रमुख रेटिंग एजेंसियों ने जीडीपी वृद्धि में गिरावट की आशंका जताई है और महंगाई के बढ़ने के संकेत दिए हैं। अगर वैश्विक स्तर पर देखें तो संयुक्त राज्य अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों में पेट्रोलियम पदार्थ महंगे हो गए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण भारत में डीजल-पेट्रोल सामान्य दरों पर मिल रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार संकट की आशंका को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार जनता से सोना, पेट्रोल-डीजल सहित अन्य चीजों के इस्तेमाल पर संयम बरतने की अपील की है। प्रधानमंत्री के आह्वान का असर पूरे देश में पड़ेगा।"
पेपर लीक के आरोपों के चलते नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने पर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा, "यह 22 लाख से अधिक छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश है। पेपर लीक की जानकारी सामने आने पर सरकार के पास परीक्षा रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया है। जल्द से जल्द रिपोर्ट आएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।"
नगरपालिका भर्ती घोटाले में ईडी द्वारा पूर्व बंगाल मंत्री सुजीत बोस की गिरफ्तारी पर राजीव रंजन ने कहा, "टीएमसी के शासनकाल में भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था बेपटरी पर थी और अराजकता का माहौल था, जिसे जनता ने अपने जनादेश से खत्म कर दिया है। अब जो लोग घोटालों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
जेडीयू नेता ने कहा कि असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुत अच्छा काम किया, जिसकी वजह से जीत मिली और हिमंता बिस्वा सरमा दोबारा मुख्यमंत्री बने।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी

