प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री विजय से फोन पर की बात, सीएम बनने की दी बधाई
नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम बनने पर विजय को बधाई दी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने रविवार को फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर विजय को बधाई दी।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सी. जोसेफ विजय को बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। केंद्र सरकार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
पीएम मोदी की बधाई पर सीएम विजय ने उनका आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर मुझे अपनी शुभकामनाएं दीं। हमारा एकमात्र उद्देश्य हमारे लोगों का कल्याण और उनकी प्रगति है। तमिलनाडु के निरंतर विकास के लिए हम केंद्र सरकार के सक्रिय सहयोग और समर्थन की आशा करते हैं।
बता दें कि तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही द्रविड़ मुनेत्र कझगम (डीएमके) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के लगभग छह दशकों का दबदबा खत्म हो गया।
जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी.वेंकेटरामनन, आर.निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ.टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेता, फिल्मी हस्तियां, पार्टी कार्यकर्ता और हजारों समर्थक शामिल हुए। भारी सुरक्षा व्यवस्था में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सबसे आगे की लाइन में विजय के माता-पिता, जाने-माने फिल्ममेकर एसए चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए सीटें रिजर्व थीं। एक्टर त्रिशा कृष्णन और उनकी मां को भी उसी लाइन में सीटें दी गई थीं।
टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु असेंबली में 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने राज्यपाल से मिलकर दावा पेश किया था। टीवीके ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी, लेकिन वह बहुमत से पीछे रह गई। कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सिस्ट ने सरकार बनाने के लिए टीवीके का समर्थन किया।
विजय का शपथ ग्रहण तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार राज्य में कोई गैर द्रविड़ पार्टी सत्ता में आई है।
--आईएएनएस
डीकेपी/

