प्रधानमंत्री मोदी को मिला 35 देशों में सर्वोच्च सम्मान: नितिन नवीन
इंदौर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का प्रभाव बढ़ा है और उन्हें 35 से अधिक देशों के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है।
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में आयोजित 'स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना' के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के पट्टाधारियों को पट्टों के निःशुल्क पंजीयन संबंधी दस्तावेज प्रदान किए।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास और नवनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, ऐसे कर्मशील प्रधानमंत्री का आज जन्मदिन है।
उन्होंने आगे कहा कि जब दुनिया के अन्य देशों में हमारे राष्ट्र प्रमुख जाते थे, तो वैश्विक मंचों पर पहली पंक्ति में बैठने के लिए भी जगह की तलाश करनी पड़ती थी, लेकिन आज 35 से अधिक देशों ने हमारे प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान देश के गरीबों का सम्मान है। देश के 25 करोड़ परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।
उन्होंंने कहा कि आज के दिन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों शिल्पकारों को सशक्त करने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ किया था, तो वहीं आज मध्य प्रदेश में 50 लाख परिवारों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टों की रजिस्ट्री करा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उज्ज्वला योजना की चर्चा करते हुए कहा कि देश में उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक मुफ्त सिलेंडर दिए गए, 80 करोड़ से अधिक लोग अन्नपूर्णा योजना से लाभान्वित हुए, 7 करोड़ से अधिक लोग आयुष्मान योजना से लाभान्वित हुए हैं। मोदी सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोग मोदी जी को आशीर्वाद देते हैं तो कांग्रेस और विपक्ष को आपत्ति होती है।
उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्वजों ने देश को बंटवारे के लिए मजबूर किया।विभाजनकारी नीति पर चलने वाले कांग्रेस नेताओं ने देश को तोड़ने की राजनीति की है। यदि ये वाकई देश को जोड़ने की बात करते तो जम्मू - कश्मीर में धारा-370 नहीं लगती। असल में सरदार पटेल ने देश को जोड़ने का काम किया लेकिन कांग्रेस ने उन्हें भी सम्मान नहीं दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज रक्षा क्षेत्र में भारत सशक्त और सक्षम है। आज जब देश स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है तो कांग्रेस को बैचेनी होती है, लेकिन जब हमारे सैनिकों के सर काट लिए जाते थे तो दिल्ली में बैठी उनकी सरकार मौन रहती थी। ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से हमने दुश्मन को घर में घुसकर मारा है, आज हमारे देश का स्वाभिमान और सम्मान बढ़ रहा है। सीमा के पास मौजूद गांव को देश का अंतिम ग्राम कहा जाता था और उनकी सुरक्षा और विकास पर पुरानी सरकार बिल्कुल ध्यान नहीं देती थी। मोदी सरकार में सीमा के पास के गांव प्रथम ग्राम है और वहाँ की सुरक्षा व विकास सरकार की प्राथमिकता है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच

