प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्र निर्माण के संकल्प की अविराम यात्रा जारी: सीएम मोहन यादव
उज्जैन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यह अविराम यात्रा 25 वर्षों के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है।
सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में सेवा ज्योति कलश यात्रा को संबोधित करते हुए सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यह अविराम यात्रा सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई। प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज 25 वर्षों के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है। यह यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रगति के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र की सेवा में समर्पित करने का देशवासियों से आहवान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर देशभर के लाखों नागरिक सेवा संकल्प ज्योति यात्रा में सम्मिलित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यात्रा में सम्मिलित लोगों को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलवाया। मध्य प्रदेश, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर तैयार हो चुका है। मध्य प्रदेश सरकार ने भी एक देश, एक प्रधान, एक विधान के संकल्प को पूरा करते हुए विधानसभा के माध्यम से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कराने का रास्ता साफ किया है। प्रधानमंत्री मोदी की कर कमलों से उज्जैन में बाबा महाकाल के श्री महाकाल लोक का लोकार्पण हुआ, परिणामस्वरूप उज्जैन धार्मिक तीर्थाटन का प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां वर्ष 2022 तक लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु ही आते थे, लेकिन वर्ष 2025 में 7 करोड़ तीर्थ यात्री उज्जैन आए और प्रदेश में कुल पर्यटकों की संख्या 20 करोड़ के पार पहुंच गई।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी

