प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर भाजपा का समर्थन, आरपी सिंह बोले- अर्थव्यवस्था बचानी है तो छोटे कदम उठाएं
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। वैश्विक आर्थिक और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए 'वर्क फ्रॉम होम', ऑनलाइन क्लासेस, कारपूलिंग और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने जैसे सुझावों का भाजपा ने किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ऐसे छोटे लेकिन महत्वपूर्ण कदम देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखने में मदद करेंगे।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में आरपी सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसका सीधा असर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स) पर पड़ता है। ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री का वर्क फ्रॉम होम और संसाधनों की बचत पर जोर देना बिल्कुल सही कदम है। हमें पेट्रोल-डीजल की खपत कम करनी चाहिए और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग को अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत की स्थिति अन्य देशों की तुलना में अभी बेहतर है। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और यूरोप के कई देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है, जबकि भारत में कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर हैं और गैस की भी कोई बड़ी कमी नहीं है। इसके बावजूद हमें सतर्क रहना होगा।
आरपी सिंह ने प्रधानमंत्री की उस अपील का भी समर्थन किया, जिसमें खाने के तेल के विकल्प के रूप में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि पाम ऑयल की जगह सरसों का तेल या देशी घी का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे न सिर्फ स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और किसानों को भी मजबूती मिलेगी।
सोने की खरीद न करने को लेकर पीएम मोदी के सलाह पर उन्होंने कहा कि भारत हर साल भारी मात्रा में सोना आयात करता है, जिससे विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है। “अगर एक साल तक सोना नहीं खरीदा जाए और घर में मौजूद सोने को ही रीसाइकिल किया जाए, तो इससे इंपोर्ट बिल में कमी आएगी और डॉलर की खपत बचेगी। भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि कोविड-19 महामारी एक बड़ा संकट था, लेकिन मौजूदा वैश्विक हालात उससे भी अधिक चुनौतीपूर्ण हैं, क्योंकि इसका सीधा असर ऊर्जा और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े हालात के कारण कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति और कीमतों का संतुलन बिगड़ा है।
स्वदेशी अपनाने पर जोर देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विदेशी सामान की खरीद को यथासंभव कम करना चाहिए। चाहे वह उर्वरक हो, कपड़ा हो या अन्य वस्तुएं, हमें स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रधानमंत्री भी लगातार 'वोकल फॉर लोकल' की बात करते रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके

