प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद का खात्मा हुआ : दिलीप जायसवाल
अनूपपुर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने 'आशीर्वाद का दीया' अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सेवा के 25 साल पूरे होने पर सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में हर घर और देव घर में उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
दिलीप जायसवाल ने कहा, "यह हम सभी का परम सौभाग्य है कि देश-दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता पीएम मोदी का जन्मदिन है। इस अवसर पर पूरे देश, प्रदेश और हर जिले में जश्न मनाया जा रहा है। पीएम मोदी के सेवा के 25 साल पूरे होने पर मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में 'आशीर्वाद का दीया' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पीएम मोदी के दीर्घायु, निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिए, ताकि वे इसी तरह देश, जनता और गरीबों की सेवा करते रहें, हर घर और देव घर में दीप प्रज्ज्वलित किया जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि आज हमने सूर्य मंदिर, देवी मंदिर और तालाब की सफाई करवाई है। इस काम को नगरपालिका अध्यक्ष और भाजपा संगठन मंडल अध्यक्ष टिंकू शर्मा की पूरी टीम के साथ मिलकर किया गया।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अनूपपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसके बाद शाम को पूरे विधानसभा क्षेत्र के देवस्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कई ऐसे कार्य हैं, जिसको लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश और देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 2014 से पहले देश में नक्सलियों ने एक बड़ा रेड कॉरिडोर बना रखा था और हर आदमी असुरक्षित महसूस करता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति से नक्सलवाद को लगभग समाप्त कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आतंकवादी देश के किसी भी राज्य में आकर विस्फोट कर निर्दोष लोगों की जान ले लेते थे और सुरक्षित निकल जाते थे, कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती थी। लेकिन पीएम मोदी के आने के बाद अब कोई भी आतंकवादी सीमा पार करने की हिम्मत नहीं जुटाता। अगर कोई आता भी है तो उसे वहीं खत्म कर दिया जाता है। पहलगाम में हुई घटना के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान और पीओके के अंदर आतंकी ठिकानों को तबाह कर आतंकवादियों को मार गिराया गया।
--आईएएनएस
केके/एबीएम

