प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल पूरे होने पर देशभर में जश्न, सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्योति यात्रा
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों में भाजपा नेताओं और मंत्रियों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु और कर्नाटक समेत कई स्थानों पर नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए सेवा और संकल्प का संदेश दिया।
भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं और अब संकल्प प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को विकसित बनाने का है।
हरियाणा के अंबाला में मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद सार्वजनिक जीवन में उनकी सेवा और कार्य के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। इस अवसर पर देशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया जा रहा है। 'सेवा संकल्प' दो शब्दों से बना है, 'सेवा' और 'संकल्प'। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर नागरिक अपनी क्षमता और क्षेत्र के अनुसार समाज और देश की सेवा करने का संकल्प ले और सामूहिक रूप से इस दिशा में काम करे।
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में भाजपा प्रवक्ता के अंजनेयुलु रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे किए हैं। पूरे देश में प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा कार्य को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 'सेवा संकल्प ज्योति' के तहत प्रधानमंत्री मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं और देश को संबोधित कर रहे हैं।
राजस्थान के बीकानेर में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से सार्वजनिक जीवन में लगातार सेवा कर रहे हैं। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत ऐसा आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 25 वर्षों तक लगातार सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित रहने को रेखांकित किया जा रहा है। यह बताने का प्रयास है कि ऐसे नेता भी हैं, जो बिना रुके और बिना थके लंबे समय तक सेवा कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के बांदा में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का जिक्र किया। मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी होने पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत देशभर में ज्योति यात्रा निकाली गई। उन्होंने बांदा में कार्यक्रम के आयोजन के लिए भाजपा संगठन, जिला भाजपा कार्यकर्ताओं और विधायकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान भव्य बाइक रैली भी निकाली गई, जिसमें विधायक, संगठन के सदस्य और अन्य लोग शामिल हुए।
ओडिशा के अंगुल में भाजपा सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के दिन को इस यात्रा की शुरुआत से जोड़ा।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेदिनीपुर जिले में भी इस अवसर पर रैली का आयोजन किया जा रहा है।
दिल्ली में भाजपा नेता कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवैधानिक जिम्मेदारियों के निर्वहन की यात्रा 2001 से शुरू हुई थी और अब 25 वर्ष के पड़ाव तक पहुंची है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यह यात्रा सेवा, सुशासन, विकास और सार्वजनिक सेवा से जुड़े विभिन्न अध्यायों को जोड़ती है।
तमिलनाडु के विलुप्पुरम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आरएन जयप्रकाश ने कहा कि 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और आज उनके सार्वजनिक जीवन की 25वीं वर्षगांठ है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार 25 वर्षों से लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित होते रहे हैं। देश की जनता ने प्रधानमंत्री को सम्मान और समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को ऊंचाइयों पर ले जाना और दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाना है।
कर्नाटक के हावेरी में भाजपा सांसद बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक जनता की सेवा की है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर 'सेवा ज्योति' कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऐसे समय में जब आदर्शों का महत्व कम होता जा रहा है, प्रधानमंत्री मोदी ने आदर्श प्रशासन स्थापित करने का प्रयास किया है। बोम्मई ने देश की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थान रखता है।
--आईएएनएस
पीएसके

