प्रधानमंत्री मोदी का दौरा उपहार जैसा, हम भारत को पड़ोसी मानते हैं, यहां बॉलीवुड आज भी लोकप्रिय: किर्गिज एक्टर अल्माज
बिश्केक, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किर्गिस्तान की यात्रा पर किर्गिज टेलीविजन प्रजेंटर और एक्टर अल्माज अलीमजानोव ने कहा कि यह हमारे देश के लिए बहुत अच्छा समय है, क्योंकि पीएम मोदी हमारे देश किर्गिस्तान आ रहे हैं। यह उनका पहला दौरा नहीं है। आप जानते हैं कि भारत की संस्कृति दुनिया भर में बहुत प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का किर्गिस्तान आना हमारे लिए किसी उपहार जैसा लगता है, क्योंकि भारत एक बहुत बड़ा और प्रसिद्ध देश है। मुझे लगता है कि यह हमारे देश के लिए बहुत अच्छी बात है।
एक्टर अल्माज ने कहा कि हमारे देश और भारत की सीमाएं भले ही एक-दूसरे से नहीं मिलतीं, लेकिन किर्गिस्तान में बहुत से लोग भारत को पसंद करते हैं। उदाहरण के लिए, भारतीय फिल्में और भारतीय पारंपरिक कपड़े यहां काफी लोकप्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि जब मैं छोटा था, करीब 25 साल पहले, तब भी किर्गिस्तान में ज्यादातर लोग बॉलीवुड फिल्में देखते थे। आज भी हम भारतीय फिल्में पसंद करते हैं, क्योंकि भारतीय संस्कृति, पहनावा और कई दूसरी चीजें बहुत दिलचस्प लगती हैं। इसी वजह से किर्गिस्तान और भारत का रिश्ता दोस्तों जैसा लगता है। मुझे यह बहुत अच्छा लगता है। हम पड़ोसी देश नहीं हैं, लेकिन हम भारत को एक पड़ोसी और करीबी दोस्त की तरह मानते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की द्विपक्षीय यात्रा पूरी करने के बाद 31 अगस्त को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे। पीएम मोदी पहली बार 2015 की आधिकारिक यात्रा पर और दूसरी बार 2019 में एससीओ समिट में भाग लेने किर्गिस्तान पहुंचे थे। अब किर्गिस्तान में फिर एससीओ सम्मेलन का आयोजन हो रहा है तो वो 26वीं बैठक में हिस्सा लेने आ रहे हैं।
किर्गिस्तान में 31 अगस्त से एक सितंबर तक 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन शामिल होंगे। यह शिखर सम्मेलन शंघाई सहयोग संगठन की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसका भारत 2017 से पूर्ण सदस्य है।
प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जहां वे मंच पर भारत की सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर संबंधी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे। प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन के दौरान एससीओ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। वह मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने वाले छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी भाग लेंगे।
--आईएएनएस
एवाई/डीएससी

