प्रधानमंत्री मोदी इस साल के अंत में जाएंगे कनाडा, व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा पर होगी चर्चा
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वर्ष के अंत में 11-12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। कैलगरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बताया कि यह दौरा टोरंटो और ओटावा में होगा। उन्होंने कहा कि हम इस दिसंबर प्रधानमंत्री मोदी के कनाडा दौरे का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
कनाडा में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में इस यात्रा की जानकारी साझा की।
दूतावास ने पोस्ट में लिखा, ''हाल ही में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों में बन रही सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। उन्होंने यह भी तय किया कि दोनों देश व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी (टेक्नोलॉजी), सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठोस और व्यावहारिक नतीजे हासिल करने के लिए मिलकर काम करेंगे। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और कनाडा के रिश्तों को और मजबूत बनाया जाए और दोनों देशों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिले।''
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मंगलवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने पिछले एक साल में कनाडा और भारत के बीच बढ़ते जुड़ाव का स्वागत किया, जिसमें वित्त, रक्षा और सुरक्षा, लोगों के बीच संबंध और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने इस नई गति को आगे बढ़ाने के अवसर पर जोर दिया।
इस दिशा में दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर वार्ता को जल्द से जल्द पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के प्रयासों का समर्थन करेगा।
नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भू-राजनीतिक अस्थिरता के प्रभावों और ऊर्जा व कृषि क्षेत्रों में विश्वसनीय साझेदारों की आवश्यकता पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्नी ने यूक्रेन पर रूस के युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए धन्यवाद दिया।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने पिछले सप्ताह भारत में हुई द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता का स्वागत किया, जो राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर पर चल रहे सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन संबंधी जुड़ाव का हिस्सा है। दोनों नेता दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी की कनाडा यात्रा से पहले निकट संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए।
--आईएएनएस
एवाई/एएस

