Samachar Nama
×

प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की फोन वार्ता: शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव मदद देगा भारत, द्विपक्षीय सहयोग पर भी हुई चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की फोन वार्ता: शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव मदद देगा भारत, द्विपक्षीय सहयोग पर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की फोन वार्ता: शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव मदद देगा भारत, द्विपक्षीय सहयोग पर भी हुई चर्चा

नई द‍िल्‍ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने रूस के साथ जारी यूक्रेन के संघर्ष में शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास में भारत की ओर से हर संभव मदद की बात दोहराई। साथ ही भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सा‍थ बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपना पक्ष और आकलन साझा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत हमेशा लोगों के हितों और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने वाला दृष्टिकोण अपनाता रहा है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों में भारत की सहयोग देने की तत्परता भी जताई। उन्होंने कहा कि भारत शांति स्थापित करने के उद्देश्य से होने वाली कोशिशों में योगदान देने के लिए तैयार है।

दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में आपसी साझेदारी बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों के हित में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

बातचीत में भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाना दोनों देशों के नागरिकों के लिए लाभकारी होगा।

वहीं, जेलेंस्‍की ने भी सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत साझा की।

जेलेंस्‍की ने पोस्‍ट में ल‍िखा, ''भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी। जेलेंस्की ने बताया कि अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रिय रूप से तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक रुख अपनाता रहा है और अब रूस को भी तनाव कम करने और समाधान की दिशा में वैसी ही गंभीरता दिखानी चाहिए।''

उन्होंने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ''प्रधानमंत्री मोदी कई बार यह बात कह चुके हैं, यहां तक कि सीधे रूसी नेतृत्व से भी कि अब समय युद्ध को खत्म करने का है, उसे जारी रखने का नहीं।''

जेलेंस्की के अनुसार, यह महत्वपूर्ण है कि भारत यह तय करे कि वह कौन-कौन से कदम उठा सकता है और अन्य विश्व नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत आगे बढ़ा सकता है, जिससे युद्ध समाप्त कराने में मदद मिल सके।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा ऐसा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र हो सकता है, जहां भारत रचनात्मक भूमिका निभा सकता है। दोनों नेताओं ने काला सागर (ब्लैक सी) के रास्ते अनाज निर्यात में आ रही रुकावटों पर भी चर्चा की।

जेलेंस्की ने कहा कि भारत खाद्य आपूर्ति के लिए सुरक्षित समुद्री गलियारे (फूड कॉरिडोर) स्थापित कराने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है और यूक्रेन को उम्मीद है कि इस दिशा में प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि रूस को यह समझना चाहिए कि समुद्री मार्गों के बाधित होने से केवल यूक्रेन ही नहीं, बल्कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। दुनिया भर में करोड़ों लोगों पर इसका असर पड़ रहा है।

जेलेंस्की ने बताया कि दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और यूक्रेन की टीमें इन मुद्दों के साथ-साथ अन्य द्विपक्षीय मामलों पर भी लगातार संपर्क में रहेंगी।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags