Samachar Nama
×

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा समेत अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा समेत अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा समेत अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और पारस्परिक हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इस बातचीत के दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए सहयोग को गहरा करने हेतु घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया और वैश्विक शांति एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने संपर्क में रहने पर भी सहमति जताई।

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और अन्य क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। हम अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए घनिष्ठ सहयोग बनाए रखने पर सहमत हुए।

उन्होंने कहा कि हमने वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों सहित क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के लिए अमेरिका में हैं।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इस समय जी20 ट्रेड मिनिस्टर्स की मीटिंग के लिए अमेरिका में मौजूद हैं। वहां भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर उनकी अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीर से खास बातचीत प्रस्तावित है। इस अहम मुलाकात से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत अपने आप में काफी मायने रखती है।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम

Share this story

Tags