प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जिंदगी, वडोदरा के लाभार्थी बोले- मोदी सरकार ने दिया सम्मानजनक जीवन
वडोदरा, 28 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गुजरात के वडोदरा में हजारों परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो रहा है। जिन लोगों के पास पहले रहने के लिए पक्का मकान नहीं था, वे अब अपने खुद के घर में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन बिता रहे हैं।
योजना के लाभार्थियों ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने वाले लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके लिए अपना घर खरीदना लगभग असंभव था, लेकिन सरकारी सहायता और सब्सिडी के कारण उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो पाया। लाभार्थियों ने कहा कि योजना ने न केवल उन्हें पक्का मकान दिया है, बल्कि उनके जीवन में स्थिरता, सुरक्षा और आत्मसम्मान भी बढ़ाया है।
लाभार्थी भवन जोशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि वह कई वर्षों से अपने लिए घर तलाश रहे थे, लेकिन उन्हें जो मकान पसंद आते थे, उनकी कीमत काफी अधिक होती थी।
उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार से होने के कारण इतना बड़ा आर्थिक जोखिम उठाना संभव नहीं था, क्योंकि अधिकांश आय ईएमआई में चली जाती। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के बारे में जानकारी हासिल की, आवेदन किया, और बाद में उन्हें घर मिल गया। भवन जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को देशहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दौरान कई बड़े और जनकल्याणकारी कार्य हुए हैं।
लाभार्थी फाल्गुनी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की वजह से उनका 'सपनों का घर' बन पाया है। उन्होंने बताया कि पहले उनका परिवार किराए के मकान में रहता था और हर समय अस्थिरता बनी रहती थी। योजना के तहत घर मिलने के बाद अब परिवार सुरक्षित महसूस करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देशभर में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा प्राप्त की है।
वहीं, लाभार्थी विजय मिस्त्री ने बताया कि पहले वह किराए के मकान में रहते थे और अक्सर मकान बदलना पड़ता था। उन्होंने कहा कि हर साल मकान खाली करने की चिंता बनी रहती थी, लेकिन योजना के लाभ से अब उन्हें बेहतर और स्थायी घर मिल गया है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलता तो आज भी उनका परिवार किराए के मकान में रहने को मजबूर होता। विजय मिस्त्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में समाज के हर वर्ग को किसी न किसी रूप में लाभ पहुंचा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के एक अन्य लाभार्थी डॉ. सतीश प्रियदर्शी ने बताया कि योजना के तहत उन्हें अपना खुद का घर मिला है। पहले वह किराए के मकान में रहते थे, लेकिन अब अपने घर में रहने से उन्हें आत्मसंतोष और सुरक्षा का अनुभव होता है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों को कम कीमत में मकान उपलब्ध करा रही है, जो सराहनीय कदम है। हालांकि उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि निजी बिल्डरों द्वारा मकानों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने की जरूरत है, ताकि आम लोगों के लिए घर खरीदना और आसान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में भी ध्यान देना चाहिए।
लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 12 वर्षों के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है और लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

