प्रदेश में 'पर्ची सरकार' आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर: अशोक गहलोत
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में पर्ची सरकार के आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है।
अशोक गहलोत ने बीकानेर की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में पूर्व सीएम ने लिखा कि बीकानेर के रणजीतपुरा में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और फिर निर्मम हत्या की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि राजस्थान के माथे पर गहरा कलंक है। प्रदेश में 'पर्ची सरकार' के आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है।
अशोक गहलोत ने कहा कि आज हालात यह हैं कि हमारी बेटियां घर से बाहर कदम रखने से भी डरने लगी हैं। आखिर राजस्थान को अपराध की किस आग में झोंक दिया गया है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कोरी घोषणाओं और फोटोबाजी से बाहर निकलकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभालना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि मेरी मांग है कि इस प्रकरण के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए और अपराधियों को ऐसी कठोरतम सजा मिले जो एक नजीर बने। प्रदेश अब और चीखें नहीं सुन सकता।
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि बीकानेर के रणजीतपुरा में सैन समाज की नाबालिग छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या की खबर अत्यंत हृदयविदारक और पूरे प्रदेश को शर्मसार करने वाली है। परीक्षा देने गई 8वीं कक्षा की छात्रा को अगवा कर बर्बरता की गई। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। भाजपा की भजनलाल सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है। हालात इतने खराब हैं कि बच्चियां स्कूल जाने से डरने लगी हैं। सरकार जो गहरी नींद में सोई है, अब जागने का वक्त है। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

