अहमदाबाद में रिहायशी इलाके में 300 की स्पीड से Porsche दौड़ाई, फुटेज में देंखे कमर्शियल पायलट गिरफ्तार
अहमदाबाद के रिहायशी इलाके में करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से Porsche कार दौड़ाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद अकरान तिरमिजी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तिरमिजी पेशे से कमर्शियल पायलट है। जिस Porsche कार को तेज रफ्तार से चलाने का आरोप है, वह उसके पिता मोहम्मद इलियास तिरमिजी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। नवरंगपुरा पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी। आरोप है कि तिरमिजी ने रिहायशी इलाके में Porsche को बेहद तेज रफ्तार से दौड़ाया। घटना का वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया और जांच शुरू की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सिल्वर रंग की Porsche कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती नजर आई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वाहन और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश शुरू की। जांच के दौरान कार के रजिस्ट्रेशन से उसके मालिक की जानकारी सामने आई।पुलिस ने बताया कि कार मोहम्मद इलियास तिरमिजी के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने कार चलाने वाले 24 वर्षीय मोहम्मद अकरान तिरमिजी की पहचान की। पूछताछ और अन्य जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रिहायशी इलाके में इतनी तेज रफ्तार पर उठे सवाल
रिहायशी इलाके में 300 किलोमीटर प्रति घंटे जैसी रफ्तार से कार चलाने की घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे इलाकों में बड़ी संख्या में पैदल राहगीर, दोपहिया वाहन और अन्य वाहन मौजूद रहते हैं। इतनी तेज रफ्तार में वाहन चलाने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कार की वास्तविक गति कितनी थी और घटना के समय सड़क पर यातायात की स्थिति कैसी थी। वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।
Porsche जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए Porsche को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किस परिस्थिति में इतनी तेज रफ्तार से कार चलाई।मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक और रिहायशी सड़कों पर इस तरह की लापरवाही दूसरे लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

