'पूरे देश में गौहत्या पर लगे प्रतिबंध', शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास की मांग
लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाय को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने गौहत्या पर देशव्यापी प्रतिबंध की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों में संस्कार और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने की भी जरूरत बताई।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि गाय हमारी माता है। हम भी माता होने की वजह से पूरे देश में गाय की हत्या पर पाबंदी लगाए जाने की मांग कर रहे हैं। 100 करोड़ हिंदुओं की आस्था का ख्याल न रखा जाए, यह अफसोसनाक है।
उन्होंने मांग की कि पूरे देश में गौहत्या पर पाबंदी लगनी चाहिए। क्या गाय की उम्र अगर 14 साल हो जाए तो वह माता नहीं रह जाएगी?
शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने कहा कि दोस्ती के नाम पर विश्वासघात नहीं होना चाहिए। बच्चों को संस्कार देने चाहिए। आज कम उम्र के बच्चे खराब आदतों का शिकार बन रहे हैं। हर माता-पिता को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलानी चाहिए। जिस भेदभाव वाले माहौल की चर्चा हो रही है, उस माहौल में हमें अपने बच्चों को ऐसी शिक्षा देनी चाहिए कि वे भेदभाव खत्म कर सकें और समाज को मजबूत बना सकें।
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर कहा था कि आजकल यह चलन है कि तमाम मौलवी और मौलाना बयान दे रहे हैं कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करो। इस पर मैंने कहा कि गौ हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है। क्या मां-पुत्र के बीच कुछ घोषित करने की जरूरत होती है? क्या पुत्र को यह बताने की जरूरत पड़ती है कि मां का सम्मान करो?
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय हमारी माता है, वह पशु नहीं है। पशु तो तुम्हारी बुद्धि है, जो तुम हमारी गौ माता को पशु कहते हो। तुम्हारी सोच पशुवत है। यह दोगलापन है कि एक ओर गौकशी का समर्थन करते हो और दूसरी तरफ बकरीद के मौके पर गौमाता का चित्र दिखाकर बधाई दे रहे थे। मैं बस उन्हें बताना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में गौहत्या का मतलब जानते हो?
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

