Samachar Nama
×

पुंछ में एटीएम ठग और ड्रग तस्कर गिरफ्तार, बिना गार्ड वाले एटीएम पर मदद के बहाने करता था कार्ड स्वैप

पुंछ में एटीएम ठग और ड्रग तस्कर गिरफ्तार, बिना गार्ड वाले एटीएम पर मदद के बहाने करता था कार्ड स्वैप
पुंछ में एटीएम ठग और ड्रग तस्कर गिरफ्तार, बिना गार्ड वाले एटीएम पर मदद के बहाने करता था कार्ड स्वैप

पुंछ, 28 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस ने एटीएम स्वैपिंग धोखाधड़ी और ड्रग तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान एजाज अहमद पुत्र अब्दुल अजीज निवासी मोर्हा बचाई, तहसील सुरनकोट, जिला पुंछ के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी थाना सुरनकोट में दर्ज एफआईआर नंबर 278/2026 धारा 318(4), 303(2) बीएनएस के सिलसिले में की गई है।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मुख्य रूप से एटीएम इस्तेमाल करने वालों को निशाना बनाता था, खासकर उन एटीएम को जहां सुरक्षा गार्ड नहीं होते थे। वह लोगों की मदद करने का नाटक करता था। ट्रांजैक्शन के समय उनका पिन देख लेता था और चालाकी से उनके एटीएम कार्ड को दूसरे कार्ड से बदल देता था। इसके बाद वह बदले हुए कार्ड और पिन का इस्तेमाल करके उनके खातों से पैसे निकाल लेता था।

इतना ही नहीं, जांच में यह भी पता चला कि इस तरह धोखाधड़ी से निकाले गए पैसे का इस्तेमाल हेरोइन (चिट्टा) खरीदने में किया जाता था। आरोपी खुद भी नशा करता था और दूसरों को बेचता भी था। इस तरह वित्तीय धोखाधड़ी और ड्रग तस्करी के बीच सीधा संबंध सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही कई अन्य मामलों में शामिल पाया गया है। इनमें एफआईआर नंबर 58/2025 धारा 318(4) बीएनएस थाना सुरनकोट, एफआईआर नंबर 249/2025 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट थाना सुरनकोट और एफआईआर नंबर 148/2026 धारा 8/27 एनडीपीएस एक्ट थाना पुंछ शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह की एटीएम धोखाधड़ी से जुड़ी कई अन्य शिकायतों की भी जांच चल रही है और आगे के संबंधों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है।

जिला पुलिस पुंछ ने नागरिकों से अपील की है कि वे एटीएम पर सतर्क रहें। कभी भी अपना पिन साझा न करें या अपना एटीएम कार्ड अजनबियों को न दें। किसी भी अनधिकृत ट्रांजैक्शन की तुरंत रिपोर्ट करें। पुलिस ने कहा कि जो नागरिक इसी तरह की एटीएम-स्वैपिंग धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं, वे नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags