Samachar Nama
×

पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई, दोस्त निकला हत्यारा; सोने के कड़ों के लालच में की थी वारदात

ग्रेटर नोएडा, 15 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के कासना थाने की पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल खून से सना डंडा, तीन पीली धातु के कड़े तथा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई, दोस्त निकला हत्यारा; सोने के कड़ों के लालच में की थी वारदात

ग्रेटर नोएडा, 15 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के कासना थाने की पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल खून से सना डंडा, तीन पीली धातु के कड़े तथा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने ही दोस्त की सोने के कड़ों के लालच में बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, 12 जून को ग्राम चीरसी की नहर के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान शव की पहचान दौला राजपुर निवासी 23 वर्षीय हुजैफ पुत्र मुज्जमिल के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था।

जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या के आरोपी शहजाद उर्फ बिट्टू पुत्र तरीकत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है और वह भी मृतक के गांव का ही निवासी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक हुजैफ और आरोपी शहजाद आपस में अच्छे मित्र थे तथा दोनों सूखे नशे के आदी थे।

हुजैफ नया मोबाइल फोन खरीदने और एसी का काम शुरू करने के लिए घरवालों से पैसे मांग रहा था, लेकिन उसकी नशे की लत के कारण परिवार पैसे देने से इनकार कर रहा था। इसी बीच उसने अपनी मां के चार पीली धातु के कड़े चोरी कर लिए और उन्हें बेचने की योजना बनाई। आरोपी शहजाद को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने कड़े बिकवाने का झांसा देकर 12 जून को हुजैफ को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर साथ ले गया।

दोनों ने पहले नशा किया और फिर आरोपी सुनसान स्थान की तलाश में उसे ग्राम चंद्रावल के पास नहर किनारे ले गया। वहां मौका पाकर उसने डंडे से हुजैफ के सिर पर हमला कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसे डर हुआ कि कहीं हुजैफ जीवित न हो। इसके बाद वह दोबारा घटनास्थल पर लौटा और शव की पहचान मिटाने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर शव पर छिड़क दिया और आग लगाने का प्रयास किया।

हालांकि, आग की ऊंची लपटें देखकर उसे आशंका हुई कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच सकते हैं। इस कारण वह शव को नहर में फेंके बिना ही फरार हो गया।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags