Samachar Nama
×

पुलिस ने दो वाहन चोर और चेन स्नैचर दबोचे, चोरी की बाइक और चेन समेत हथियार व नकदी बरामद

पुलिस ने दो वाहन चोर और चेन स्नैचर दबोचे, चोरी की बाइक और चेन समेत हथियार व नकदी बरामद
पुलिस ने दो वाहन चोर और चेन स्नैचर दबोचे, चोरी की बाइक और चेन समेत हथियार व नकदी बरामद

नोएडा, 30 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 की पुलिस ने वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, दो टूटी हुई चेन, दो अवैध चाकू और 15,500 रुपए की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से राहगीरों से छिनैती की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-54 स्थित जैन पेट्रोल पंप के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ गोल्डी पुत्र जितेंद्र, निवासी ई-403, द्वितीय तल, ईस्ट विनोद नगर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र करीब 30 वर्ष और मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र सचिन, निवासी 43, पेप्सी वाली गली, खिचड़ीपुर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा दो टूटी हुई चेन, दो अवैध चाकू और कुल 15,500 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब बरामद सामान और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच कर रही है कि इनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिल और चेन के संबंध में संबंधित मामलों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी अकेले वारदात करते थे या इनके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं। थाना सेक्टर-24 पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags