Samachar Nama
×

पुलिस ने दो कुख्यात स्नैचरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

पुलिस ने दो कुख्यात स्नैचरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
पुलिस ने दो कुख्यात स्नैचरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने दो कुख्यात स्नैचरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी विकास उर्फ ​​पुच्ची पर पहले से 17 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि 9 सितंबर को मानसरोवर पार्क थाना में स्नैचिंग की घटना के बारे में जानकारी मिली। शिकायतकर्ता गुड्डी देवी ने बताया कि वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही थीं और जब वे दुर्गापुरी फ्लाईओवर से गुजर रही थीं, तो पीछे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए। पीछे बैठे व्यक्ति ने उनके बाएं कान से सोने की बाली छीन ली और दुर्गापुरी की ओर भाग गए। शिकायत पर 10 सितंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल का मुआयना किया गया और साइट प्लान तैयार किया गया। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी की साफ तस्वीरें और अपराध में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया। मोटरसाइकिल का पता उसकी रजिस्टर्ड मालकिन मीनाक्षी तक लगाया गया। मीनाक्षी ने बताया कि इसे उनका भाई पुनीत इस्तेमाल कर रहा था। इसके बाद पुनीत को उसके घर से पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान पुनीत ने अपने साथी विकास उर्फ ​​पुच्ची के साथ अपनी मिलीभगत का खुलासा किया, जिसे बाद में नंद नगरी बस स्टैंड से पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और माननीय अदालत से एक दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड ली गई।

पूछताछ के दौरान, पुनीत और विकास उर्फ ​​पुच्ची ने बताया कि उन्होंने चोरी की सोने की बाली ताहिरपुर गुरुद्वारे के पास अर्जुन को लगभग 8,000 में बेची थी। उनकी पहचान के आधार पर अर्जुन का पता लगाया गया और उससे पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसने उनसे बाली 8,000 में खरीदी थी और बाद में उसे नंद नगरी के बी-ब्लॉक में किसी अनजान व्यक्ति को लगभग 10,500 में बेच दिया था। चूंकि चोरी का सामान अब उसके पास नहीं था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags