नोएडा में पुलिस ने दो वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, दिल्ली से चोरी वाहन और अवैध हथियार बरामद
नोएडा, 23 जून (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी दिल्ली के मदनपुर खादर क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनसे पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 23 जून 2026 को थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-94 क्षेत्र में पुलिस को दो युवक संदिग्ध अवस्था में एक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और वाहन के दस्तावेजों की जांच की। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसके बाद दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ देव पुत्र सदलू निवासी मदनपुर खादर, थाना कालिंदी कुंज, दिल्ली तथा आकाश कुमार पुत्र भगवान सिंह निवासी जेजे कॉलोनी, मदनपुर खादर, थाना कालिंदी कुंज, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल दिल्ली के शाहीन बाग क्षेत्र से चोरी की थी।
पुलिस द्वारा सत्यापन किए जाने पर पता चला कि इस संबंध में थाना शाहीन बाग, दिल्ली में 10 जून 2026 को मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा तलाशी के दौरान आरोपी आकाश कुमार के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। इस मामले में थाना सेक्टर-126 पर मुकदमा अन्य धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के में दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

