पुलिस ने 2 देसी पिस्तौल के साथ दो गैंगस्टर को बठिंडा में किया गिरफ्तार
चंडीगढ़, 13 जून (आईएएनएस)। पंजाब में हथियार और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाते हुए कार्रवाई कर रही है। आए दिन तस्करों को पुलिस गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से हथियार और मादक पदार्थ बरामद कर रही है। इसी कड़ी में बठिंडा में दो आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है, जिसमें बताया है, "पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बठिंडा में दो आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से .32 बोर की दो देसी पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए हैं।"
डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी फिरोजपुर इलाके में सक्रिय एक जेल में बंद गैंगस्टर द्वारा चलाए जा रहे आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं। आरोपियों का आपराधिक बैकग्राउंड है और वे हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन समेत कई मामलों में शामिल रहे हैं।
सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन बठिंडा में मामला दर्ज किया गया है। नेटवर्क के पिछले और अगले कनेक्शन का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस संगठित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने और पूरे पंजाब में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके पहले 8 जून को डीजीपी ने बताया था कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक अफगान नागरिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 8 अत्याधुनिक पिस्तौल और 7 कारतूस बरामद किए गए थे। आरोपी विदेश स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो गुप्त स्थानों के माध्यम से अवैध हथियारों की खेप की आपूर्ति करता था। आरोपियों के खिलाफ इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन और अमृतसर के गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।
इसके पहले 3 जून को पंजाब डीजीपी की ओर से बताया गया था कि पंजाब में नशा और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक अंतरराज्यीय हथियार और ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2.225 किलोग्राम हेरोइन, छह अत्याधुनिक पिस्तौल और 12 कारतूस बरामद किए गए।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी

