पुलिस लाइंस में पेंशनर्स कक्ष की शुरुआत, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान
ग्रेटर नोएडा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स, गौतमबुद्धनगर में नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पेंशनर्स कक्ष की स्थापना का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को एक सम्मानजनक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा संबंधित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस विभाग की इस पहल से पेंशन, विभागीय कार्यों और अन्य आवश्यक मामलों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मियों को होने वाली परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।
उद्घाटन के अवसर पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पुलिस संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में लंबे समय तक पुलिस व्यवस्था और जनसेवा के लिए कार्य किया है। उनका अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा भावना आज भी पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस संगठन के साथ उनका जुड़ाव बना रहना जरूरी है और उनके अनुभवों तथा सुझावों का उपयोग संगठन को मजबूत बनाने में किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और वर्तमान पुलिस संगठन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा। सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभवों से पुलिस व्यवस्था, जनसेवा और संगठनात्मक कार्यों को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने में मदद ली जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पुलिस विभाग में सेवा देने वाले सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए इस प्रकार की सुविधा शुरू किया जाना सम्मानजनक कदम है।
उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि पेंशनर्स कक्ष के माध्यम से उनकी समस्याओं का आसानी से समाधान हो सकेगा और विभाग के साथ उनका संवाद भी मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय शैव्या गोयल, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स शकील मोहम्मद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक एवं अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान, शाखा गौतमबुद्धनगर अजीत सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं समन्वयक, पीपीएस वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर सेवक राम यादव, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं महासचिव, उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान रघुराज सिंह चौहान, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं कोषाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं सदस्य आर.के. सिंह तथा संस्थान के सचिव यदुराज सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

