Samachar Nama
×

पुलिस को रक्षा में गोली चलाने का अधिकार है, अभिरक्षा में नहीं: संजय निषाद

लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने पुलिस मुठभेड़ों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात पर अपनी हालिया टिप्पणियों के साथ-साथ इंडिया ब्लॉक, एलपीजी की कीमतों में वृद्धि और पुलिसिंग के संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा की गई टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
पुलिस को रक्षा में गोली चलाने का अधिकार है, अभिरक्षा में नहीं: संजय निषाद

लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने पुलिस मुठभेड़ों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात पर अपनी हालिया टिप्पणियों के साथ-साथ इंडिया ब्लॉक, एलपीजी की कीमतों में वृद्धि और पुलिसिंग के संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा की गई टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद और सीएम योगी से मुलाकात पर संजय निषाद ने आईएएनएस से कहा, "समाज ने हमारे ऊपर भरोसा किया है, तो मेरी राजनीतिक जिम्मेदारी है कि उनकी आवाज बनें। हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है। कमलेश बिंद की पत्नी कह रही हैं कि उसके पति को पुलिस अभिरक्षा में मारा गया है, ये जांच का विषय है। पुलिस को रक्षा में गोली चलाने का अधिकार है, अभिरक्षा में नहीं। अपराधी को सजा देने के लिए कोर्ट है। पुलिस को चाहिए कि अपराधियों के खिलाफ कोर्ट में साक्ष्य दें और जमानत न होने दें। बहुत सारे अधिकारी सरकार की छवि सुधार रहे हैं, प्रदेश में कानून-व्यवस्था ठीक है, लेकिन कुछ अधिकारी माहौल खराब कर रहे हैं।"

विपक्षी गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों द्वारा इंडिया ब्लॉक की बैठक में भाग लेने से इनकार करने पर मंत्री संजय निषाद ने कहा, "कांग्रेस लगभग 70-75 वर्षों तक सत्ता में रहीं, और इनमें से अधिकांश पार्टियां कांग्रेस की नीतियों के विरोध में बनी थीं। पार्टियां भले ही एकजुट दिखाई दें, लेकिन जरूरी नहीं कि उनके विचार और विचारधाराएं एक जैसी हों। अगर इन पार्टियों को कांग्रेस के साथ खड़ा देखा जाता है, तो यह मान लिया जाएगा कि वे कांग्रेस की नीतियों का भी समर्थन करती हैं। नेतृत्व भी मायने रखता है। समस्या यह है कि ऐसे गठबंधन अक्सर लंबे समय तक नहीं टिकते। कुछ ही दिनों में मतभेद पैदा हो जाते हैं और गठबंधन टूट जाता है।"

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने टिप्पणी की है कि यूपी पुलिस सरकार के लिए काम कर रही है और लोकतंत्र के लिए काम नहीं कर रही है। इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा, "सभी लोग न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हैं और हम उन पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। हालांकि, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट के अनुसार, कई ऐसे अधिकारी हैं, जिनकी नियुक्ति समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों के दौरान हुई थी। लगभग चार से पांच हजार परिवारों को आरक्षण का लाभ मिला है। कुछ पुलिस अधिकारी भाजपा सरकार की छवि खराब कर रहे हैं, यह बात कोर्ट की सही है।"

एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने पर यूपी सरकार के मंत्री ने कहा, "पिछली सरकारों के कारण हम आत्मनिर्भर नहीं बन पाए हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बना रहे हैं। वैश्विक संकट के कारण एलपीजी के दाम बढ़े हैं, यह देश की जनता को पता है।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags