असम ट्रिपल मर्डर केस के दो आरोपियों पर पुलिस की फायरिंग: दोनों के पैरों में लगी गोली, हथियार बरामद करने गई टीम पर किया था हमला
असम के डिब्रूगढ़ जिले में हुए चर्चित डुलियाजान ट्रिपल मर्डर केस के दो आरोपियों पर पुलिस ने गोली चलाई। इस कार्रवाई में दोनों संदिग्धों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे बालिजन टी एस्टेट इलाके में हुई। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार की बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई थी।
पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान आरोपियों राजू दास और अमीर दास ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों घायल हो गए। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हुई थी हत्या
यह मामला 16 नवंबर 2026 का है। डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के रिटायर्ड अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई थी।
घटना का पता उस समय चला, जब परिवार के घर में रहने वाला एक किरायेदार 16 नवंबर की शाम छठ पूजा का प्रसाद देने पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा। अंदर तलाशी लेने पर परिवार के तीनों सदस्यों के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ हालत में मिले।
राजू दास घर में केयरटेकर के तौर पर रहता था
पुलिस ने इस हत्याकांड में राजू दास और उसके मौसेरे भाई अमीर दास को गिरफ्तार किया था। अमीर पेशे से प्लंबर बताया गया है। वहीं, राजू पिछले करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किरायेदार और केयरटेकर के रूप में रह रहा था।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, राजू ऑनलाइन गेमिंग के कारण भारी कर्ज में डूबा हुआ था। आरोप है कि कर्ज चुकाने के लिए उसने घर में लूटपाट की योजना बनाई थी। इसी दौरान विरोध होने पर उसने लोहे की रॉड और हथौड़े से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई।
4 नवंबर को भी असम में पुलिस एनकाउंटर में हुई थी मौत
असम में पुलिस कार्रवाई के दौरान गोलीबारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 4 नवंबर को शिवसागर जिले में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी।घनकांत पर 26 अक्टूबर को गुवाहाटी के एक होटल में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, उसे गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोगोई घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में भी चोट आई थी।फिलहाल डुलियाजान ट्रिपल मर्डर केस में घायल दोनों आरोपियों का इलाज और पुलिस की आगे की जांच जारी है।

