Samachar Nama
×

पोलैंड में धमाका रूस की आक्रामकता का सबूत, यूक्रेन की जीत के ल‍िए जारी रहेगी हर संभव मदद: उर्सुला वॉन डेर लेयेन

पोलैंड में धमाका रूस की आक्रामकता का सबूत, यूक्रेन की जीत के लिए जारी रहेगी हर संभव मदद: उर्सुला वॉन डेर लेयेन
पोलैंड में धमाका रूस की आक्रामकता का सबूत, यूक्रेन की जीत के ल‍िए जारी रहेगी हर संभव मदद: उर्सुला वॉन डेर लेयेन

नई द‍िल्‍ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रूस की आक्रामक कार्रवाई को यूरोपीय हवाई क्षेत्र का अस्वीकार्य उल्लंघन बताया। उन्‍होंने पोलैंड में हुए धमाके की कड़ी न‍िंदा की। उन्‍होंने कहा क‍ि यूक्रेन को न‍िशाना बनाते हुए रूसी हमले में पोलैंड के हवाई क्षेत्र का भी उल्लंघन हुआ है। रूस की यह आक्रामकता पूरे यूरोप की सुरक्षा के ल‍िए खतरा है। उन्होंने कहा क‍ि इस स्‍थि‍ति‍ को खत्‍म करने के ल‍िए हम यूक्रेन की मदद कर रहे हैं, ताकि वह इस युद्ध में जीत हासिल कर सके।

प्रेसिडेंट उर्सुला ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्‍ट पर लिखा, ''यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों की वजह से एक बार फिर हमारे यूरोपीय हवाई क्षेत्र का अस्वीकार्य उल्लंघन हुआ है, और इस बार इसका असर पोलैंड पर पड़ा है। प्रिय डोनाल्ड टस्क, पोलैंड के लोग अपनी बहादुरी और निडरता के लिए जाने जाते हैं, और इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।''

प्रेसिडेंट उर्सुला ने कहा क‍ि इस स्थिति को खत्म करने के लिए हम हर संभव तरीके से यूक्रेन की मदद कर रहे हैं, ताकि वह इस युद्ध में जीत हासिल कर सके। साथ ही, हम जमीन, समुद्र और आसमान, तीनों क्षेत्रों में यूरोप की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक मजबूत सुरक्षा ढांचा तैयार कर रहे हैं। यह जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और पूरे यूरोप की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यूरो न्यूज के अनुसार, पोलैंड के तारनावा कोलोनिया इलाके के लोगों ने गुरुवार सुबह करीब चार बजे एक जोरदार धमाका सुना गया, जिससे उनके घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। पुलिस को एक खेत में लगभग दस मीटर चौड़ा गड्ढा और किसी अज्ञात वस्तु का मलबा मिला। यह जगह घरों से करीब दस किलोमीटर दूर है।

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब रूस यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला कर रहा था।

टस्क ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्‍ट पर लिखा, "पश्चिमी यूक्रेन पर रूस के बड़े मिसाइल हमले के दौरान पोलैंड के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन हुआ। इस घटना के बाद मैंने रक्षा मंत्री और संबंधित एजेंसियों के साथ एक समन्वय टीम की बैठक बुलाई है। यह टीम कई घंटों से मौके पर काम कर रही है और मुझे लगातार घटना से जुड़ी सभी जानकारी दे रही है।"

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि रूस के बड़े हमले के दौरान पोलैंड के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन हुआ। उन्होंने यूक्रेन और पोलैंड की सरकारों तथा सुरक्षा एजेंसियों के साथ एकजुटता जताई, जो लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रही हैं।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags