Samachar Nama
×

'पोइला बोइशाख' पर पीएम मोदी की पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील, 'विकसित राज्य बनाने का लें संकल्प'

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 'पोइला बोइशाख' के अवसर पर पश्चिम बंगाल के लोगों को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
'पोइला बोइशाख' पर पीएम मोदी की पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील, 'विकसित राज्य बनाने का लें संकल्प'

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 'पोइला बोइशाख' के अवसर पर पश्चिम बंगाल के लोगों को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।

पत्र में प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में कुशासन, अराजकता और भ्रष्टाचार का माहौल रहा है, जिससे आम लोगों के बुनियादी अधिकार, सम्मान और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में माताओं-बहनों की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार के अवसर और गरीबों के अधिकार प्रभावित हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य कभी पूरे देश को नई दिशा दिखाने वाला रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर विकसित पश्चिम बंगाल के निर्माण का संकल्प लें।

उन्होंने कहा, "आइए हम सभी मिलकर एक ऐसे पश्चिम बंगाल का निर्माण करें, जहां कोई गरीब भूखा न सोए, हर किसी को भोजन मिले, महिलाएं सुरक्षित महसूस करें और बिना डर के घर से बाहर निकल सकें, और युवाओं को रोजगार के लिए राज्य छोड़कर न जाना पड़े।"

प्रधानमंत्री ने राज्य के भविष्य को आने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो पश्चिम बंगाल फिर से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य देश के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा और एक 'विकसित राज्य' के रूप में अपनी पहचान फिर हासिल करेगा।

उन्होंने चुनाव को एक निर्णायक मोड़ बताते हुए मतदाताओं से सही फैसला लेने की अपील की। पीएम मोदी ने इसे 'सच और झूठ की लड़ाई' करार दिया और लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल के लोग भाजपा का समर्थन करेंगे और पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को तय है। 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों के साथ जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 77 सीटें मिली थीं। कांग्रेस और वाम दल अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे।

--आईएएनएसी

वीकेयू/एबीएम

Share this story

Tags