Samachar Nama
×

पीएमएवाई के तहत अहमदाबाद में हजारों गरीब परिवारों को मिला पक्का आशियाना, आधुनिक सुविधाओं से लैस घर

पीएमएवाई के तहत अहमदाबाद में हजारों गरीब परिवारों को मिला पक्का आशियाना, आधुनिक सुविधाओं से लैस घर
पीएमएवाई के तहत अहमदाबाद में हजारों गरीब परिवारों को मिला पक्का आशियाना, आधुनिक सुविधाओं से लैस घर

अहमदाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित पक्का घर हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) ने देशभर में लाखों जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को पूरा करने का काम किया है। इसी कड़ी में अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) भी प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-अर्बन) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईसी) के लोगों को पक्के मकान उपलब्ध करा रहा है।

अहमदाबाद शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय परिसरों का निर्माण कराया जा रहा है। योजना के पहले चरण में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी जा चुकी हैं। कभी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने को मजबूर परिवार अब इन पक्के मकानों में सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

योजना की लाभार्थी शोभाबेन ने बताया कि पहले वह झोपड़पट्टी में रहती थीं, जहां गंदगी, मच्छरों और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि नया घर मिलने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है और अब परिवार को बेहतर माहौल मिल रहा है।

अहमदाबाद नगर निगम द्वारा विकसित इन आवासीय परिसरों में लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें लिफ्ट, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल, गार्डन, पार्किंग, 24 घंटे पानी की सुविधा, फायर फाइटिंग सिस्टम और पीएनजी गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

लाभार्थी हरीश रावत ने बताया, "नए आवास परिसर में शहरी केंद्र, गार्डन, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और गैस पाइपलाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।"

वहीं, दीपकभाई प्रजापति ने कहा, "यहां बच्चों के खेलने के लिए पार्क, आंगनबाड़ी और पास में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे परिवारों को काफी राहत मिली है।"

अहमदाबाद नगर निगम के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण (पीएमएवाई-1.0) के तहत 21 हजार से अधिक ईडब्ल्यूएस मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है और इन्हें लाभार्थियों को सौंपा जा चुका है। इसके अलावा 10 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कार्य अभी जारी है। वहीं, पीएमएवाई 2.0 के तहत नगर निगम ने लगभग 50 हजार नए घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा है।

अहमदाबाद के मेयर हितेश कांतीलाल बरोट ने बताया, "शहर में कई स्थानों पर बड़ी संख्या में आवास तैयार किए गए हैं। रामापीर की टेकरी क्षेत्र में 9 हजार से अधिक मकान झुग्गी पुनर्वास अभियान के तहत विस्थापित लोगों को दिए गए हैं। इसके अलावा ओढव में 2,500 से अधिक, घाटलोडिया में 1,500 से अधिक मकान बनाए गए हैं। नर्मदा आवास, जानकी आवास और एलआईजी श्रेणी के भी कई आवास तैयार किए गए हैं।"

नगर निगम ने स्लम पुनर्वास योजना के तहत भी हजारों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में पीएमएवाई-अर्बन के तहत अहमदाबाद नगर निगम द्वारा 2 लाख 7 हजार से अधिक मकानों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 1 लाख 94 हजार से अधिक पक्के घर बनकर तैयार हो चुके हैं।

जंकल, अमियापुर, कोर्टेश्वर और बोपल जैसे क्षेत्रों में चल रहे आवास प्रोजेक्ट गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रहे हैं। ये आवास न सिर्फ लोगों को सुरक्षित छत उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि बेहतर सुविधाओं के साथ एक सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की नींव भी तैयार कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags