पीएम विश्वकर्मा योजना : पालनपुर की जागृति ने 1 लाख के लोन से शुरू किया कारोबार, 20 महिलाओं को दिया रोजगार
पालनपुर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना ने गुजरात राज्य के पालनपुर की जागृति बहन मेहता को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। कभी आर्थिक जरूरतों के लिए परिवार पर निर्भर रहने वाली जागृति ने योजना के तहत एक लाख रुपए का ऋण लेकर अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया। वे नारियल के रेशे, ऊन और अलग-अलग स्टोन से सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार करती हैं।
अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने के साथ ही उन्होंने 15 से 20 अन्य महिलाओं को भी अपने साथ जोड़ा है। वे इन महिलाओं को काम सिखाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। जागृति बहन का कहना है कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद की है और आज वे दूसरी महिलाओं को भी स्वावलंबी बनाने का प्रयास कर रही हैं।
लाभार्थी जागृति बहन मेहता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया, "मैं पहले घर पर बैठकर वर्क करती थी। मेरा शौक था कोको फाइबर में से अलग-अलग प्रोडक्ट बनाना। उसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी की विश्वकर्मा योजना लॉन्च हुई, तो मैंने ट्रेनिंग ली। उसके बाद सरकार के माध्यम से लोन मिला। इस लोन की रकम मिलने के बाद छोटा सा मेरा बिजनेस स्टार्ट किया।
जागृति ने बताया कि बिजनेस स्टार्ट करने के बाद उन्हें लगा कि उनके जैसी बहुत सारी ऐसी बहनें हैं जो घर पर बैठ के ऐसा वर्क करती थीं। इसके बाद जागृति ने उनके साथ मिलकर काम शुरू किया। लाभार्थी ने बताया कि आज मेरे पास 15 से 20 बहनें काम कर रही हैं।
जागृति ने कहा, "मैं पीएम नरेंद्र मोदी को कहना चाहूंगी कि आपने जो योजना लॉन्च की, उससे मैं तो आत्मनिर्भर बनी हूं, ऐसी बहुत सारी बहनें आत्मनिर्भर बनी हैं। मैं उनका शुक्रिया अदा करना चाहूंगी। अपील करती हूं कि ऐसी योजनाएं लॉन्च करते रहें, जिससे बहनें आत्मनिर्भर बनती रहें और रोजगार मिले।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

