Samachar Nama
×

पीएम स्वनिधि ‘स्ट्रीट फूड हब’ योजना के तहत चयनित 50 नगरों में लखनपुर शामिल

पीएम स्वनिधि ‘स्ट्रीट फूड हब’ योजना के तहत चयनित 50 नगरों में लखनपुर शामिल
पीएम स्वनिधि ‘स्ट्रीट फूड हब’ योजना के तहत चयनित 50 नगरों में लखनपुर शामिल

कठुआ, 11 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा पर स्थित प्रवेश द्वार शहर लखनपुर को भारत सरकार की एक नई योजना के तहत भारत के उन 50 शहरों में चुना गया है। इन शहरों को 'स्ट्रीट फूड हब' के रूप में विकसित किया जाना है।

उन्होंने कहा कि स्ट्रीट फूड हब को विश्व स्तरीय स्टॉल के रूप में विकसित किया जाना है, जो स्थानीय पाक कला को बढ़ावा देंगे और साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत इस स्ट्रीट वेंडिंग योजना में वित्तीय सहायता और अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन का प्रावधान है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि लखनपुर मार्केट में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब में दो क्लस्टर होंगे... क्लस्टर एक पुराने बस स्टैंड के पास और क्लस्टर दो बिक्री कर कार्यालय के पास होगा। उन्होंने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को उच्च प्राथमिकता देने के लिए, जिसके कारण लखनपुर को इस राष्ट्रीय स्तर की योजना के पहले चरण में ही शामिल किया जा सका है, प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार लखनपुर पारंपरिक रूप से पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और पारगमन यात्रियों की भारी भीड़ का केंद्र रहा है, और इसलिए भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की यह पहल इस राजमार्ग पर स्थित पड़ाव की लोकप्रियता को और बढ़ाएगी।

इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अमरनाथ यात्रा के दौरान एक सड़क हादसे का केंद्रीय राज्य मंत्री ने संज्ञान लिया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "अभी-अभी उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात हुई। उन्हें मध्य प्रदेश से अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक प्राइवेट गाड़ी के जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर टोल्डी नाला के पास सड़क दुर्घटना का शिकार होने की रिपोर्ट मिली थी। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल है और उसे तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू रेफर कर दिया गया है। हरसंभव मदद दी जा रही है।"

दरअसल, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर तोल्डी नाला इलाके के पास अमरनाथ यात्रा के पहलगाम रूट वाले जत्थे में शामिल एक वाहन अचानक फिसल गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु समेत पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। महिला श्रद्धालु की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags