PM Modi का बड़ा कदम: 20वें रोजगार मेले में 51,000 से ज्यादा युवाओं को मिलेगी पक्की नौकरी
नई दिल्ली। देश के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर को रोजगार मेले के 20वें संस्करण में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
45 स्थानों पर आयोजित होगा रोजगार मेला
20वां रोजगार मेला देशभर में 45 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राजस्व विभाग और वित्तीय सेवा विभाग समेत कई प्रमुख विभाग शामिल हैं।
12.75 लाख तक पहुंचेगा नियुक्तियों का आंकड़ा
सरकार के अनुसार, रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें देश के विकास से जोड़ना है। 20वें रोजगार मेले के बाद अब तक अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की संख्या करीब 12.75 लाख तक पहुंच जाएगी।
2022 में हुई थी रोजगार मेले की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले के पहले चरण की शुरुआत की थी। उस समय सरकार ने 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। नवंबर 2023 तक 11 रोजगार मेलों के जरिए 7 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे।
2025 में पूरा हुआ 11 लाख नियुक्तियों का आंकड़ा
रोजगार मेले के जरिए 11 लाख नियुक्ति पत्र देने का आंकड़ा 2025 में पूरा हुआ। इसके बाद 12 फरवरी 2024 को 12वां रोजगार मेला आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 1 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे।20वें रोजगार मेले में चयनित युवा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। सरकार के मुताबिक, इन आयोजनों के जरिए युवाओं को सरकारी रोजगार से जोड़ने और उन्हें देश की सेवा में अवसर देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

