'राहुल गांधी खुद हैं गद्दार', भाजपा नेताओं का आरोप
लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए 'गद्दार' शब्द के इस्तेमाल पर भाजपा नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पीएम मोदी या गृहमंत्री अमित शाह नहीं, बल्कि राहुल गांधी गद्दार हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने इतिहास को खुद देख ले तो बेहतर समझ आएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दौर में देश के साथ क्या-क्या हुआ, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक के समय को जोड़ते हुए कई आरोपों का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस पर पहले भी गंभीर सवाल उठते रहे हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी की भाषा और बयानबाजी सिर्फ इसलिए बढ़ रही है क्योंकि वे चुनावों में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को हराने में सफल नहीं हो पा रहे हैं।
अनिल राजभर ने यह भी कहा कि हाल ही में हुए कई राज्यों के चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे हैं और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन किया है। उनके मुताबिक इसी वजह से विपक्षी दलों में निराशा और फ्रस्ट्रेशन दिखाई दे रही है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को भावनात्मक प्रतिक्रिया बताते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से जनता प्रभावित नहीं होती।
इसी मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा' के संकल्प के साथ देश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री लगातार 'विकसित भारत' की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं और भाषा की गरिमा को भूलते जा रहे हैं। देश के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है और हर नागरिक को भारत की संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।
वहीं युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने भी राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अगर गद्दार शब्द की बात की जाए तो सवाल राहुल गांधी पर भी उठ सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की रायबरेली यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपने परिवार से जुड़े स्थानों पर भी पूरी तरह सक्रिय नहीं दिखे। उनके अनुसार देश की जनता सब देख रही है और वही तय करेगी कि कौन देश के प्रति जिम्मेदार है और कौन नहीं।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीएससी

