पीएम मोदी का आंध्र प्रदेश और कर्नाटक दौरा: अमरावती में रोड शो, 5 हजार करोड़ के एयरपोर्ट टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन; वीडियो में जाने मैसूरु में विवेक स्मारक का लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर हैं। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने आंध्र प्रदेश से की, जहां वे राजधानी अमरावती पहुंचे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से अमरावती पहुंचे और यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी अब विजयनगरम जिले के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। करीब 5,000 रोड़ रुपए की लागत से तैयार इस एयरपोर्ट को राज्य के विकास और कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चुट्टिलू कॉटेज से प्रेरित है टर्मिनल की डिजाइन
भोगपुरम एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन की खासियत इसकी अनोखी डिजाइन है। इसकी वास्तुकला को आंध्र प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने की कोशिश की गई है। टर्मिनल की डिजाइन चुट्टिलू कॉटेज से प्रेरित बताई जा रही है।आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। यह एयरपोर्ट उत्तरी आंध्र प्रदेश के लोगों के लिए हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
एयरपोर्ट उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम
टर्मिनल भवन के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र कर सकते हैं और क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं भी कर सकते हैं।भोगपुरम एयरपोर्ट को आंध्र प्रदेश के भविष्य के विकास के लिए एक अहम परियोजना माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि इससे क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मैसूरु में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का उद्घाटन
आंध्र प्रदेश कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के मैसूरु जाएंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:30 बजे मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।यह केंद्र युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री युवाओं और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित कर सकते हैं।
दो राज्यों के दौरे से विकास पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में विकास परियोजनाओं और सांस्कृतिक पहलों पर केंद्रित है। एक ओर जहां आंध्र प्रदेश में एयरपोर्ट जैसी बड़ी बुनियादी परियोजना का उद्घाटन होगा, वहीं कर्नाटक में स्वामी विवेकानंद के विचारों को समर्पित केंद्र की शुरुआत की जाएगी।प्रधानमंत्री के इस दौरे को दोनों राज्यों में विकास और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

