PM मोदी ने सेवा यात्रियों से कहा- समाज सुधार के लिए काम करें, वीडियो में जाने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति के लिए नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और उनके सामाजिक सुधार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में लगातार सुधार और सकारात्मक बदलाव के लिए काम करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल राजनीतिक हित या वोटबैंक की राजनीति तक सीमित नहीं होना चाहिए।
गांधी के जीवन का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि जब हम महात्मा गांधी के जीवन को देखते हैं तो वे सिर्फ अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ने और आजादी के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले नेता नहीं थे, बल्कि एक बड़े सामाजिक सुधारक भी थे। गांधी जी ने समाज में मौजूद बुराइयों के खिलाफ लगातार काम किया।उन्होंने कहा कि आज भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास कीजरूरत है। सेवा और सामाजिक सुधार को केवल भाषणों तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यवहार और काम के जरिए लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
सेवा यात्रियों से गांव-गांव जुड़ने की अपील
प्रधानमंत्री ने सेवा यात्रियों के सफर और उनके अनुभवों पर भी चर्चा की। इस यात्रा का उद्देश्य रास्ते में आने वाले गांवों, कस्बों और जिलों में लोगों से संपर्क करना और अलग-अलग सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेना है।सेवा यात्रियों की ओर से सफाई अभियान, स्थानीय लोगों से संवाद, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में जनसंपर्क जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। इस दौरान यात्रियों को अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों और स्थानीय परिस्थितियों को करीब से समझने का अवसर भी मिल रहा है।
17 सितंबर को शुरू हुई थीं दोनों बाइक यात्राएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को दो दिशाओं में बाइक यात्राएं शुरू की गई थीं। एक यात्रा वाराणसी से वडनगर और दूसरी वडनगर से वाराणसी के लिए रवाना हुई।वाराणसी से निकलने वाली यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाई थी, जबकि वडनगर से शुरू हुई यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रवाना किया था।
7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
इन यात्राओं को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा बताया गया है। अभियान के दौरान युवाओं को सेवा, सामाजिक जुड़ाव और जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।आकाशवाणी की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दिशाओं में चल रही बाइक यात्राओं में युवा प्रतिभागी कई राज्यों, जिलों और गांवों से गुजर रहे हैं। यात्रियों की ओर से स्थानीय लोगों के साथ संवाद और सेवा से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं। यह यात्रा 7 अक्टूबर तक जारी रहने वाली है।पीएम मोदी ने सेवा यात्रियों से अपने अनुभवों को दर्ज करने, लोगों से संवाद बढ़ाने और सेवा के संकल्प को जमीनी स्तर तक ले जाने पर जोर दिया। उनके मुताबिक, देश को समझने के लिए केवल किताबों तक सीमित रहने के बजाय लोगों और गांवों के बीच जाकर उनके अनुभवों को समझना जरूरी है।

