PM मोदी बोले- मेरी अपील पर लोगों ने सोना कम खरीदा, वीडियो में जानें दाम गिरे तो लोगों ने कहा- पैसे बच गए; बिहार में नीतीश सेतु का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में सोने की खरीदारी को लेकर अपनी अपील का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि अगर जरूरत न हो तो सोना न खरीदें। देश के लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की। मोदी ने दावा किया कि इससे सोने के दाम टूट गए और लोगों के पैसे बचे।
पीएम मोदी लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैंने एक साल पहले देशवासियों से कहा था कि जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदिए। देश ने मेरी बात मानी और सोना कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानी और हमारे पैसे बच गए।"
लाल बहादुर शास्त्री की अपील का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि एक समय उन्होंने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने की अपील की थी। तब भी देश के लोगों ने उनकी बात मानी थी। मोदी ने कहा कि आज भी देशवासियों का वही चरित्र और भावना कायम है।
पीएम मोदी ने 1 सितंबर को भी लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी। इससे पहले 10 मई को भी उन्होंने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने की बात कही थी।
बिहार में नीतीश सेतु का उद्घाटन, नीतीश कुमार को लगाया गले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है।
उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया। इसके बाद दोनों नेता पुल पर पहुंचे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने पुल पर टहलते हुए गमछा लहराया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका अभिवादन किया।
करीब 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच रोड शामिल है। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

