Samachar Nama
×

वाराणसी : पीएम मोदी ने अरविंद टेक्सटाइल मिल का किया उद्घाटन, एयर शो में शामिल होंगे

वाराणसी : पीएम मोदी ने अरविंद टेक्सटाइल मिल का किया उद्घाटन, एयर शो में शामिल होंगे
वाराणसी : पीएम मोदी ने अरविंद टेक्सटाइल मिल का किया उद्घाटन, एयर शो में शामिल होंगे

वाराणसी, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उन्होंने मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में करीब कई करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे।

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। करीब सात एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस इकाई में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी की योजना इन उत्पादों के निर्यात की भी है। प्रधानमंत्री ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया और महिला कामगारों से बातचीत कर उत्पादन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।

वाराणसी में एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नमो घाट के साथ ही आसपास के घाटों पर भी बड़ी संख्या में लोग भारतीय वायुसेना के विमानों के हवाई करतब देखने के लिए जुटे हैं। भोसले घाट और गंगा के दूसरे किनारे रामनगर की ओर भी दर्शकों की भीड़ पहुंच रही है। एयर शो के मद्देनजर घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में जल पुलिस, पीएसी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों और गोताखोरों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सेना के हेलीकॉप्टर से भी निगरानी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए विभिन्न समुदायों के लोग घाटों और निर्धारित स्थानों पर जुटे हैं।

एयर शो स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चे प्रस्तुतियां दे रहे हैं, जबकि दर्शक गंगा के ऊपर से गुजरने वाले विमानों को देखने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना हुआ है।

प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है। चौकाघाट चौराहे से गोलगड्डा और राजघाट तक ऑटो तथा ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। सूजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट की ओर ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की गई है। इसके अलावा राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से सुबह सात बजे से मालवाहक वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है।

--आईएएनएस

विकेटी/एएस

Share this story