पीएम मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि किसी को कोई दिक्कत न हो: मंत्री दिनेश खटिक
शामली (उत्तर प्रदेश), 13 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश खटिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने को ऐतिहासिक पल बताया।
दिनेश खटिक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि समस्त विश्व में उथल-पुथल का माहौल है। चौतरफा पेट्रोल-डीजल की किल्लत चल रही है। लोगों को बेशुमार दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी करिश्माई नेतृत्व की बदौलत यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि देश की जनता को किसी भी चीज की दिक्कत न हो। न ही किसी को पेट्रोल की दिक्कत हो, न ही डीजल की और न ही गैस की। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लोगों को हर प्रकार की सुविधाएं मिले।
उन्होंने कहा कि समस्त विश्व में जारी उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री ने पूरी स्थिति को अच्छे से काबू में रखा है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि कहीं पर किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और इसके लिए निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की जानी चाहिए। उनमें असीम क्षमता है, जिसके दम पर वो पिछले 12 सालों से देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
इसके अलावा, उन्होंने विपक्ष के उन आरोपों को भी सिरे से खारिज किया, जिसमें यह कहा जा रहा है कि देश में महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है, जिसकी वजह से आम लोगों को बेशुमार दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री के मुताबिक, 2014 से पहले देश में महंगाई की दर क्या थी और आज क्या है। दोनों की पारस्परिक तुलना करके निष्कर्ष निकाला जा सकता है। 2014 से पहले लोगों को विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आज स्थिति पूरी तरह से हमारे अनुकूल बनी हुई है। पहले हमारे देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति कैसी थी और आज कैसी है। आज हम किस पायदान पर खड़े हैं, यह बात किसी से छिपी नहीं है। यह सबकुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व की वजह से मुमकिन हो पाया है।
साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में पाकिस्तान में स्थिति कैसी है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। पाकिस्तान में लोग आटा लेने के लिए कितनी आपाधापी का सामना करते हैं, जबकि हमारे देश में मुफ्त में ही लोगों को आटा दिया जाता है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करती है कि किसी को भी कोई दिक्कत न हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश दोहरी गति से आगे बढ़ रहा है।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ने शामली जिले में स्वास्थ्य समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य समस्याओं को दूर किया जाएगा। इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बती जाएगी, लेकिन इस बीच आपको यह भी ध्यान रखना होगा कि आज की तारीख में शामली जिला चौतरफा हाइवे से घिरा हुआ है। हर जगह विकास हो रहा है। इसे मिनी नोएडा भी कहा जाता है। चौतरफा स्टेडियम है। बच्चों के लिए खेलने-कूदने के मैदान हैं। हर जगह विकास के कार्य हो रहे हैं। जिलाधिकारी अधिकारी का दफ्तर भी बनाया गया है। जिले में बुनियादी विकास पर जोर दिया जा रहा है। आपको इन सब चीजों पर भी ध्यान रखना होगा।
साथ ही, उन्होंने धर्मांतरण को लेकर भी अपने सख्त रुख का परिचय दिया। उनके मुताबिक, धर्मांतरण को न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि देश के किसी भी कोने में स्वीकार नहीं किया जाए और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसी में भी इतना दम नहीं है कि वो धर्मांतरण करा ले।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी

