पीएम मोदी ने नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा: एनडीए नेताओं ने जताई खुशी, कहा- देश का गर्व की बात
पटना, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई है। जदयू सांसद देवेशचंद्र ठाकुर और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इसे प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया है।
जदयू सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि यह एनडीए और देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह हमलोगों के सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे एनडीए के नेता हैं और पूरे देश के नेता हैं। अगर उन्होंने सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद का कार्यकाल संभाला है, तो इससे साफ है कि पूरे देश ने उन्हें उस तरह का समर्थन दिया है। देश उनके काम को पसंद कर रहा है। यह अच्छी बात है और हमलोगों के लिए सौभाग्य की बात है। हम भी एनडीए का हिस्सा हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे एनडीए परिवार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि वे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं और उन्होंने रिकॉर्ड बनाया है। यह पूरे एनडीए के लिए गौरव की बात है। इसके लिए सभी को बधाई है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "मेरा मानना है कि विपक्ष को प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज के तरीके को गंभीरता से समझना चाहिए और उसे अपनाने की कोशिश करनी चाहिए। वे विकास में विश्वास रखते हैं और मुझे लगता है कि जो विकास कार्य हुए हैं, चाहे 2014 के चुनाव हों, 2019 या 2024, लोग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा को वोट देते हैं क्योंकि देश के आम नागरिक विकास चाहते हैं।
जम्मू-कश्मीर भाजपा महासचिव अशोक कौल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद पर 12 साल पूरे कर लिए हैं। इन सालों में मोदी सरकार ने भरोसे, विकास और जन-कल्याण के लिए काम किया है। हम इन पहलों को जनता तक पहुँचाने का काम कर रहे हैं। स्वच्छता भी इन कार्यक्रमों का हिस्सा है, क्योंकि यह पीएम मोदी का एक लोकप्रिय नारा है। आपने कई बार पीएम मोदी को खुद स्वच्छता अभियानों में हिस्सा लेते हुए देखा होगा।
--आईएएनएस
पीएसके

