पीएम मोदी ने अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, संत समाज ने किया स्वागत
अयोध्या, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या से मुंबई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाए जाने का संत समाज ने स्वागत किया है और इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया है। महंत राजू दास, स्वामी महेश योगी, साकेत भवन मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज और आर्य संत वरुण दास महाराज ने कहा कि इस नई रेल सेवा से अयोध्या की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
महंत राजू दास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच सकेंगे और उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों से अयोध्या की पहचान और अधिक सशक्त हो रही है।
स्वामी महेश योगी ने अयोध्या को धर्म और आध्यात्म का केंद्र बताते हुए कहा कि लंबे समय तक यह नगरी उपेक्षित रही, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसका व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उनके अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से अयोध्या का जुड़ाव देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से मजबूत होगा, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
महंत सीताराम दास महाराज ने इसे सौभाग्य का दिन बताते हुए कहा कि इस ट्रेन के संचालन से मुंबई और अयोध्या के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान अब देश-दुनिया में और अधिक फैल रही है और इस तरह की पहल से इसका विस्तार और तेज होगा। साथ ही उन्होंने कामना की कि देश में सनातन संस्कृति के प्रसार के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहें।
वहीं, आर्य संत वरुण दास महाराज ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष सुविधा साबित होगी। उन्होंने इसे आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अयोध्या आकर भगवान के दर्शन करना स्वयं में ‘अमृत’ के समान है, और अब इस नई रेल सेवा के माध्यम से अधिक से अधिक लोग यहां पहुंच सकेंगे।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

