'14 से 114 मेडल की यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम', पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के एथलीट्स को सराहा
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के साथ संवाद किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने 14 से 114 मेडल तक की यात्रा को एथलीट्स के परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम बताया।
भारत ने इस वर्ष जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीट्स ने 114 पदक जीते, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "आप सभी से मिलने का मुझे बेसब्री से इंतजार था। कुछ ही सप्ताह पहले मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिला था। अब एशियन पैरा गेम्स के आप सभी ऊर्जावान साथियों से मिलने का अवसर मिला है। आपका शानदार प्रदर्शन ये बताता है कि आज भारत स्पोर्ट्स की दुनिया में तेजी से एक बड़ी पावर के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर आप सभी ने मेडल तो जीता ही है, आपने करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है।"
उन्होंने कहा, "आप सभी पैरा एथलीटों ने एक बार फिर से दिखा दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है। मैं आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आपकी इस उपलब्धि में आपके परिवार, ट्रेनर और कोच की भी अहम भूमिका है। मैं उनका भी अभिनंदन करता हूं।"
पीएम ने कहा, "एशियन पैरा गेम्स में आपके असाधारण प्रदर्शन से यह साबित होता है कि भारत खेल के क्षेत्र में एक बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े मंच पर आपने न केवल पदक जीते बल्कि देशवासियों का दिल भी जीत लिया। एक समय था, जब ज्यादातर खेलों में भारत की भागीदारी एक औपचारिकता समझी जाती थी। पैरा गेम्स में तो देश बहुत पीछे था। साल 2010 के पैरा एशियन गेम्स में भारत ने बस 1 गोल्ड जीता था। कुल मिलाकर उस टूर्नामेंट में हम केवल 14 मेडल जीत पाए थे। वहीं, इस बार हमारे खिलाड़ी 114 मेडल के साथ आए हैं। 14 से 114 मेडल की यह यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है।
भारत ने साल 2010 में आयोजित पहले संस्करण में 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज सहित कुल 14 मेडल हासिल किए थे, जिसके बाद साल 2023 में कुल 111 मेडल अपने नाम किए। इस बार भारत ने रिकॉर्ड 114 पदक जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया।
पीएम ने कहा, "इस बार हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते हैं। 14 से 114 पदकों तक का यह सफर आपकी कड़ी मेहनत, आपके अटूट समर्पण और आपकी सफलता को सहारा देने के लिए तैयार किए गए मजबूत इकोसिस्टम का सीधा परिणाम है। 30 गोल्ड, 35 रजत और 49 ब्रॉन्ज मेडल के साथ-साथ 5 नए वर्ल्ड रिकॉर्ड और 9 एशियन रिकॉर्ड बनाकर, आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। चार स्पर्धाओं में तो पोडियम पर तीनों जगह हमारा ही झंडा था, हमारे ही खिलाड़ी थे। गोल्ड भी भारत ने जीता, उसी खेल में सिल्वर और ब्रॉन्ज भी भारत ने जीते और प्रतियोगिता के आखिरी दिन तो आपने कमाल कर दिया। नौ गोल्ड मेडल जीत लिए। ऐसा लग रहा था, आपने तय कर लिया हो कि जब तक गेम चल रहा है, मेडल रुकना नहीं चाहिए। इस बार 30 गोल्ड, 35 सिल्वर, 49 ब्रॉन्ज, 5 नए वर्ल्ड रिकॉर्ड, 9 एशियाई रिकॉर्ड। आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। इस बार 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 बेटियां मेडल विनर बनी हैं।"
--आईएएनएस
आरएसजी/एबीएम

