Samachar Nama
×

पीएम मोदी को अमित शाह ने दी बधाई, कहा- '25 साल में बदली शासन की परिभाषा, पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस का आदर्श स्थापित'

पीएम मोदी को अमित शाह ने दी बधाई, कहा- '25 साल में बदली शासन की परिभाषा, पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस का आदर्श स्थापित'
पीएम मोदी को अमित शाह ने दी बधाई, कहा- '25 साल में बदली शासन की परिभाषा, पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस का आदर्श स्थापित'

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। 25 वर्षों के कार्यकाल में महत्वपूर्ण उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा ही बदल दी और 'पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' का आदर्श स्थापित किया।

गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार सुबह अपने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति व राष्ट्र प्रथम को जीवन का लक्ष्य बनाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।"

उन्होंने कहा कि आज ही के दिन, 7 अक्टूबर 2001 को मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सेवा, संघर्ष व समर्पण की यह यात्रा गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं का उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गई है। 'सेवा के 25 साल' में मोदी जी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा ही बदल दी और 'पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' का आदर्श स्थापित किया।

शाह ने पोस्ट किया, "मोदी जी ने मुख्यमंत्री के रूप में भूकंप से उजड़े कच्छ का पुनर्निर्माण कर उसे एक मिसाल बनाया, ज्योतिग्राम योजना से गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाई, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश व उद्योग को नई दिशा दी व 8 प्रतिशत से अधिक कृषि विकास दर हासिल कर गुजरात में सुशासन का एक ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना। प्रधानमंत्री के रूप में इसी दृष्टि का विस्तार हुआ। अंतरिक्ष से समुद्र तक और वैश्विक मंचों से आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई उपलब्धियां हासिल कीं।"

केंद्रीय गृह मंत्री ने उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि जन-जन के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया, 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले और करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल पहुंचा। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल पेमेंट, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां छू रहा है।

अमित शाह ने यह भी कहा कि युद्ध व अस्थिरता के इस दौर में भारत शांति व सौहार्द की एक महत्वपूर्ण वैश्विक आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास जगाकर 'विकसित भारत' का मंत्र दिया और 2047 तक हर क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया। उनके नेतृत्व में सेवा कार्यों का भागीदार बनना हम सभी के लिए सौभाग्य व गौरव की बात है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story