पीएम मोदी की अपील पर एक्शन मोड में भाजपा, नेताओं ने बताया मौजूदा वैश्विक संकट में जरूरी कदम
नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद देशभर में भाजपा नेताओं और सरकारों ने ईंधन बचत, संसाधनों और विदेशी मुद्रा संरक्षण को लेकर अभियान तेज कर दिया है। दिल्ली से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना तक भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए इसे मौजूदा वैश्विक संकट के दौर में जरूरी कदम बताया। कई नेताओं ने खुद भी मेट्रो और कारपूलिंग का इस्तेमाल शुरू करने की बात कही है।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की है और मुख्यमंत्री ने इस अपील को पूरा करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि सभी मंत्रियों और अधिकारियों को कम से कम सरकारी संसाधनों का उपयोग करने और ईंधन बचाने के निर्देश दिए गए हैं। कपिल मिश्रा ने कहा कि इन निर्देशों का पालन शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंत्री आशीष सूद मेट्रो से सफर कर चुके हैं और अब उन्होंने भी मेट्रो से यात्रा करने का फैसला लिया है।
भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार लोगों से कारपूलिंग और मेट्रो के इस्तेमाल की अपील कर रही है और खुद सरकार भी इस दिशा में कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिलों को छोटा किया जाएगा और केवल सुरक्षा के लिहाज से जरूरी वाहनों को ही रखा जाएगा।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूरी दुनिया इस समय ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की क्षमता है कि देश में अब तक डीजल और पेट्रोल की कीमतें नहीं बढ़ीं, जबकि कई विकसित देशों में ईंधन महंगा हो चुका है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से संसाधनों का सही इस्तेमाल करने की अपील की है। इसी क्रम में, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्य की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई सुझाव दिए हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की 'डबल-इंजन' सरकार, राज्य और देश के विकास, प्रगति और समृद्धि के लिए काम कर रही है। हम सभी को अपने संसाधनों का समझदारी से इस्तेमाल करना चाहिए, ईंधन बचाना चाहिए, डीज़ल बचाना चाहिए और ऊर्जा का संरक्षण करना चाहिए। साथ ही, अनावश्यक यात्राओं को कम करने और यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने चाहिए कि केवल ज़रूरी यात्राएं ही की जाएं।"
पटना में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका से जुड़े संघर्ष के कारण पूरी दुनिया प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील का स्वागत करते हुए कहा कि देश के नागरिकों को इस दिशा में सहयोग करना चाहिए।
तेलंगाना में भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर प्रधानमंत्री की मितव्ययिता संबंधी अपील को लेकर डर फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब देश पर तेल आयात और विदेशी मुद्रा का दबाव है, तब ईंधन बचाना और सोने की खरीद कम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कुछ भी गलत नहीं कहा है।
वहीं बिहार के भाजपा नेता मंगल पांडेय ने कहा कि बचत और मितव्ययिता भारतीय संस्कृति का हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार और बुजुर्ग हमेशा संसाधनों को बचाने की सीख देते आए हैं। मंगल पांडेय ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि सभी नागरिकों को उनके विचारों और अपील का पालन करना चाहिए।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

