पीएम मोदी के वीडियो संदेश पर कीर्ति आजाद बोले, भाजपा की स्थिति हो गई है खराब
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। टीएमसी नेता कीर्ति आजाद ने पीएम मोदी के वीडियो मैसेज और पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन सहित कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि अब प्रधानमंत्री टीवी पर नहीं आ रहे हैं, आज कल इंस्टाग्राम से वीडियो जारी कर रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि भाजपा की परिस्थिति कितनी खराब हो चुकी है। जिस तरह से प्रधानमंत्री ने लोगों को माफ किया है, यह हास्यास्पद है लेकिन लोगों ने उनको माफ नहीं किया है।
कीर्ति आजाद ने कहा कि पप्पू यादव की ओर से संसद के बाहर दिखाया गया कि किस तरह से राम मंदिर में चढ़ावा में अनियमितता की गई है। मेरा कहना है कि शंकराचार्यों और कुछ पढ़े-लिखे लोगों को छोड़कर बाकी ज्यादातार जो वेश धारण किए हैं, वे सभी नकली हैं। मैंने कई लोगों की भाषा सुनी है। उन्होंने कहा कि वहां की सच्चाई दिखानी चाहिए, पप्पू यादव को ट्रोल करने से क्या फायदा होगा?
टीएमसी नेता ने आगे कहा, सनातन का अपमान उनकी ओर से किया जाता है। हमारी ओर से तो दिखाया गया कि सनातन के चोले में किस तरह से राम मंदिर में डकैती की जा रही थी।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को लेकर कीर्ति आजाद ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से कहा गया कि 15 हजार करोड़ रुपए की गड़बड़ी की गई। उनके एक विधायक की ओर से हम पर आरोप लगाया गया। मेरा कहना है कि टीएमसी के खिलाफ जांच करनी चाहिए। अब गरीबों को घर से निकाला जा रहा है और घरों पर कब्जा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए।
आतंकी हमलों को लेकर कीर्ति आजाद ने कहा कि सरकार की इंटेलिजेंस खत्म हो गई है। जितने आतंकी हमले 12 वर्षों में हुए हैं, उतने देशभर में शुरू से इनकी सरकार आने तक नहीं हुए थे। जम्मू-कश्मीर में कल फिर आतंकी हमला हुआ है, जिसमें दो श्रमिकों की मौत हो गई। ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

