पीएम मोदी के नेतृत्व की दुनिया में चर्चा : प्रफुल्ल पानसेरिया
गांधीनगर, 10 जून (आईएएनएस)। गुजरात सरकार में स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रोटोकॉल राज्य मंत्री और विधायक प्रफुल्ल पानसेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी।
गांधीनगर में आईएएनएस से बातचीत के दौरान प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि आज पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल देश, जहां अलग-अलग जातियां, धर्म, भाषाएं और क्षेत्र हैं, वहां सभी को साथ लेकर चलना और देश को एकजुट रखना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'न्यू इंडिया' के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में देश में आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है, राष्ट्रीय गौरव को नई पहचान मिली है और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाने का काम हुआ है।
वहीं, 12 जून को एयर इंडिया फ्लाइट एआई171 हादसे की पहली बरसी को लेकर भी मंत्री ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना के बाद पूरा गुजरात शोक में डूब गया था और आज भी उस दर्दनाक घटना को कोई नहीं भूला है।
प्रफुल्ल पानसेरिया ने कहा कि हम उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाई। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता विजयभाई रूपाणी को याद करते हुए कहा कि इस विमान हादसे में उनका भी निधन हो गया था, जो पूरे राज्य और पार्टी के लिए बड़ी क्षति थी।
उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाता है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि दुर्घटना के बाद जिस हॉस्टल भवन को हटाया गया था, उस स्थान पर अब दो नए विकास परियोजनाओं को शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीएससी

