Samachar Nama
×

पीएम मोदी के लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयास से कांग्रेस नेताओं को पीड़ा: सीएम मोहन यादव

पीएम मोदी के लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयास से कांग्रेस नेताओं को पीड़ा: सीएम मोहन यादव
पीएम मोदी के लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयास से कांग्रेस नेताओं को पीड़ा: सीएम मोहन यादव

उज्जैन, 17 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को इससे पीड़ा हो रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में विकास के ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। इसी नगरी में सम्राट विक्रमादित्य ने लोकतंत्र की लड़ाई प्रारंभ की थी। दो हजार वर्ष पहले न्याय, दानशीलता, धीरता और गंभीरता के साथ ही उन्होंने जनता और लोकतंत्र को प्रधानता दी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र को सशक्त करने के लिए कार्य कर रहे हैं तो सबसे ज्यादा पीड़ा कांग्रेस के नेताओं को हो रही है।

सीएम मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में जिस पद को सुशोभित किया, आज उस पद की गरिमा को राहुल गांधी तार-तार कर रहे हैं। यदि चुनाव जीतना है तो जनता के बीच जाना होगा, लेकिन वे कुछ चंद लोगों को दिल्ली में इकट्ठा कर भ्रम और झूठ की राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए और भाजपा की सरकार केंद्र और देश के विभिन्न राज्यों में जनसेवा के लिए समर्पित है। हम जनता के बीच रहने वाले लोग हैं और कांग्रेस जनता के बीच नहीं रहती है। मैं कांग्रेस के लोगों को कहना चाहता हूं कि वर्ष 2029 में आएंगे तो फिर मोदी ही।

उज्जैन की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सचमुच, आज हम उस नगरी में उपस्थित हैं, जहां से लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष का शंखनाद हो रहा है। आज हम देख रहे हैं कि लोकतंत्र विरोधी ताकतें किस प्रकार अपने षड्यंत्रों के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस और उसके नेताओं की गतिविधियां भी इसी संदर्भ में चर्चा का विषय हैं।

वर्तमान दौर की राजनीतिक परिस्थितियों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरा देश, एनडीए और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी देशभक्त नागरिक एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं। देशवासियों ने लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा व्यक्त किया है। लोकतंत्र के बदलते स्वरूप और भारत की लोकतांत्रिक शक्ति को दुनिया ने भी देखा है और हमने भी इसका अनुभव किया है।

इस कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां लोकतंत्र समर्थकों का इतना विशाल जनसमूह उपस्थित है। आज आप सभी को यहां देखकर आनंद और उत्साह का अनुभव हो रहा है। यह हमारे लोकतंत्र समर्थकों की सामूहिक शक्ति और जन-भागीदारी का जीवंत उदाहरण है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags