पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल, सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने बनाई रेत की कलाकृति
पुरी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर पद्म श्री से सम्मानित इंटरनेशनल सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर 10 फीट ऊंची और 20 फीट चौड़ी भव्य रेत की कलाकृति बनाई है। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के विजन और जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा को दर्शाया है।
सुदर्शन पटनायक द्वारा बनाई गई इस कलाकृति में "सेवा की भावना: विकसित भारत के लिए मोदी जी का विजन" और "जनसेवा के 25 साल" जैसे संदेश लिखे गए हैं। रेत पर बनाई गई प्रधानमंत्री की आकृति और विकसित भारत का संदेश समुद्र तट पर आने वाले पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आईएएनएस से बात करते हुए सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता और देश की सेवा करते हुए जनसेवा के 25 साल पूरे कर लिए हैं। उनका विजन 'विकसित भारत' है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है क्योंकि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 साल पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना सफर शुरू किया था और अब देश के प्रधानमंत्री के तौर पर, उनकी हर कोशिश, हर पल भारत को आगे ले जाने के लिए समर्पित है।"
प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के इस खास मौके पर सुदर्शन सैंड आर्ट इंस्टीट्यूट के छात्रों ने भी अपनी कला से उन्हें सम्मान दिया है। इंस्टीट्यूट की दो युवा छात्राओं मोनालिसा मोहराना और सोनाली आलूक ने एक खास सैंड-आर्ट एनिमेशन तैयार किया है। इस एनिमेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को दिखाया गया है। इस एनिमेशन का संदेश है - "जनसेवा के 25 साल, विकसित भारत का विजन।"
छात्राओं की इस कलाकृति को लेकर सुदर्शन पटनायक ने कहा, "आज हमारे सैंड आर्ट इंस्टीट्यूट में दो युवा स्टूडेंट्स सोनाली आलूक और मोनालिसा मोहराना ने मिलकर एक शानदार सैंड आर्ट एनिमेशन बनाया है। यह एनिमेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की जनसेवा को समर्पित है। उन्होंने इस सफर को तीन हिस्सों में दिखाया है और बताया है कि कैसे कला के जरिए 'विकसित भारत' का सपना साकार हो रहा है। यह कलाकृति गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी सेवा से लेकर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक के उनके सफर को दिखाती है, जिसे पूरी दुनिया देख रही है।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

