पीएम मोदी के जन्मदिवस पर वडनगर से वाराणसी तक निकाली जाएगी बाइक रैली, सूरत से 25 युवाओं का जत्था रवाना
सूरत, 16 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुजरात में उनकी जन्मभूमि वडनगर से लेकर कर्मभूमि वाराणसी तक एक भव्य बाइक रैली का आयोजन जा रहा है। इस सांस्कृतिक और सामाजिक अभियान के तहत आज सूरत शहर से 25 युवाओं की एक विशेष टीम वडनगर के लिए रवाना हुई।
वडनगर पहुंचने से पहले सूरत की यह टीम उनाई माता मंदिर प्रांगण से पवित्र तापी नदी का जल एकत्र करेगी। इस जल से वडनगर स्थित ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद, गुजरात के विभिन्न शहरों से एकत्रित हुए 250 युवाओं का एक विशाल दल पीएम मोदी के जन्मस्थान पर स्थित ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब से जल लेकर वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगा। यह दल वाराणसी पहुँचकर प्रसिद्ध बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन करेगा।
लगभग 17 दिनों तक चलने वाली इस लंबी यात्रा के दौरान प्रतिभागी युवा मार्ग में आने वाले विभिन्न गांवों और शहरों में प्रवास करेंगे। इस दौरान युवाओं की टीम स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्रसारित करेगी।
भाजपा की सूरत शहर इकाई के अध्यक्ष परेश पटेल ने आईएएनएस से कहा, "ये रैली एक ऐतिहासिक रैली है जो वडनगर से विसनगर के लिए जाएगी। सूरत की टीम उनाई से निकलेगी। यहां से ये सब लोग उनाई जाएंगे और वहां से 25 युवा अपनी बाइक के साथ वडनगर पहुंचेंगे और वहां से फिर उनका वाराणसी का प्रवास शुरू होगा। करीबन 15-17 दिन का ये पूरा प्रवास है। जहां-जहां वो जाएंगे वहां-वहां सेवा कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री के 25 साल सेवा कार्य के 7 अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं। उससे पहले 17 सितंबर को उनका जन्मदिन है।"
बाइक रैली में शामिल विपिन तलाविया ने कहा कि हम सूरत से वडनगर जा रहे हैं। वहां से हम वाराणसी तक जाएंगे और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना करेंगे।
--आईएएनएस
डीसीएच/

