पीएम मोदी के जन्मदिन पर चलेगा सेवा अभियान, ब्रिक्स से दुनिया को मिलेगी दिशा: जगदंबिका पाल
लखनऊ, 11 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले महीने भर के 'सेवा संकल्प अभियान', ब्रिक्स शिखर सम्मेलन, बसपा से आकाश आनंद को बाहर किए जाने और आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का सेवा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाएगा और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाएंगे।
जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में खुद को देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत तक पहुंची है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। इस दौरान केवल जन्मदिन समारोह तक सीमित रहने के बजाय जरूरतमंदों की सेवा पर जोर दिया जाएगा।
भाजपा सांसद ने कहा कि 17 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और गांवों में सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। 2 अक्टूबर को खादी को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रम होंगे। वहीं, प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं समेत समाज के उन वर्गों तक पहुंचने का प्रयास होगा, जो अभी तक मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहे हैं। अभियान को राजधानी और जिला मुख्यालयों तक सीमित न रखकर गांव-गांव तक ले जाने की बात उन्होंने कही।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर जगदंबिका पाल ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में यह सम्मेलन सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय बैठक नहीं है। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट, ऊर्जा संकट और पश्चिमी देशों की ओर से आने वाली व्यापारिक चुनौतियों व टैरिफ का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिक्स के मंच से वैश्विक स्तर पर नई व्यवस्था की तस्वीर उभर सकती है। भाजपा सांसद ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पूरी दुनिया की निगाहें इस सम्मेलन पर हैं। ब्रिक्स के जरिए वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सकती है और भारत अपनी आर्थिक प्रगति के आधार पर दुनिया को दिशा देने में भूमिका निभा सकता है। उन्होंने भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और 7.8 प्रतिशत की विकास दर का भी उल्लेख किया।
बसपा से आकाश आनंद को बाहर किए जाने के सवाल पर भाजपा सांसद ने इसे बहुजन समाज पार्टी का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसे रखना है और किसे बाहर करना है, इसका फैसला बसपा नेतृत्व करता है। इस दौरान तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों को रास्ता दिखाते-दिखाते ऐसा समय न आ जाए कि पार्टी में नेतृत्व अकेला रह जाए।
अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से भाजपा पर आरक्षण के साथ खिलवाड़ करने के आरोपों पर जगदंबिका पाल ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान आरक्षण और संविधान में बदलाव के नाम पर जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई। अब उत्तर प्रदेश की जनता इन मुद्दों को समझ चुकी है और केवल आरोपों के आधार पर उसे गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग आयोग, आरक्षण और दलितों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने पिछड़े और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने दलित और पिछड़े वर्गों के लिए कोचिंग और अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों को देखते हुए विपक्ष के आरोपों का प्रभाव कम होगा।
उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनावी तैयारियों को लेकर पाल ने कहा कि संगठन लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी जिलों का दौरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी विभिन्न जनपदों में जाकर सरकार और संगठन के कामकाज को देख रहे हैं। भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े के दौरे के बाद अब संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी बीएल संतोष भी उत्तर प्रदेश आ रहे हैं और आगे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे की भी संभावना है।
--आईएएनएस
पीएसके

