Samachar Nama
×

पीएम मोदी के बंगाल दौरे से पहले भाजपा का 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान, अग्निमित्रा पॉल ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि पीएम मोदी 20 जून को तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता के रेड रोड पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पीएम मोदी के बंगाल दौरे से पहले भाजपा का 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान, अग्निमित्रा पॉल ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि पीएम मोदी 20 जून को तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता के रेड रोड पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि इन कार्यक्रमों से पहले भाजपा ने राज्यभर में छह दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इस अभियान को 'स्वच्छता से स्वागत' नाम दिया गया है। सोनार बंगला का सपना तब तक पूरा नहीं हो सकता, जब तक बंगाल स्वच्छ न हो।

उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत कई नई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। भाजपा ने निर्णय लिया है कि जहां जरूरत होगी वहां सुलभ शौचालय परिसर बनाए जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में यदि किसी परिवार के पास जमीन या मकान तो है लेकिन शौचालय नहीं है, तो वहां शौचालय निर्माण में मदद की जाएगी। वहीं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

अग्निमित्रा पॉल ने एक नई तकनीकी पहल की भी जानकारी दी। इसके तहत 'स्वच्छ ऐप' भी शुरू की गई है, जिसको कोई भी अपने एंड्रॉयड फोन में डाउनलोड कर सकता है। यदि कहीं गंदगी दिखाई देती है तो उसकी तस्वीर लेकर ऐप पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद दो घंटे के भीतर सफाईकर्मी मौके पर पहुंचकर सफाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि अक्सर लोग मछली, मांस और अन्य सामान खरीदने के लिए प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।

अंग्निमित्रा पॉल ने कपड़े या जूट के बैग इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही बताया कि बाजारों में बैग वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी, जहां लोग 2, 5 या 10 रुपए डालकर आसानी से बैग खरीद सकेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर सिंगल-यूज प्लास्टिक बनाने वाली कंपनियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। इन कंपनियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उत्पादन बंद करने को कहा गया है। यदि वे नियमों का उल्लंघन करती हैं तो उनके खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी के कई नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उदयन गुहा, शौकत मोल्ला, स्वरूप बिस्वास, अरूप बिस्वास, सुजीत बोस और जहांगीर खान जैसे नेताओं को यह नहीं सोचना चाहिए कि वे नेपाल, पुरी या किसी अन्य जगह जाकर बच सकते हैं। केवल इस्तीफा देने या छिप जाने से किसी को राहत नहीं मिलने वाली है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार से मांग की कि उन सभी मंत्रियों और नेताओं की संपत्तियों की जांच कराई जाए जिनकी संपत्ति पिछले 15 वर्षों में कई गुना बढ़ी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा कौन-सा आर्थिक मॉडल अपनाया गया, जिससे कुछ नेताओं की संपत्ति 100 या 200 गुना तक बढ़ गई। हर उस टीएमसी नेता की जांच होनी चाहिए जिसकी संपत्ति में असामान्य वृद्धि हुई है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आज देश की जनता के बीच राहुल गांधी की विश्वसनीयता लगभग खत्म हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने समय-समय पर कई आरोप लगाए, लेकिन हर बार वे गलत साबित हुए।

टीएमसी की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि टीएमसी के पास कोई ठोस वैचारिक आधार नहीं है और इसी वजह से पार्टी को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story

Tags