पीएम मोदी के बयान से जमाखोरी को मिलेगा बढ़ावा, महंगाई में आएगी बेतहाशा तेजी: अवधेश प्रसाद
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से देश में जमाखोरी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई पहले ही बढ़ गई थी, लेकिन देश के पांच राज्यों में चुनाव होने की वजह से इसका खुलासा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को देश की अर्थव्यवस्था और विदेश नीति में सुधार करने की जरूरत है।
दरअसल, सपा नेता अवधेश प्रसाद ने पीएम मोदी की अपील पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने वैश्विक संकट को देखते हुए जनता से ईंधन की कम खपत और सोना नहीं खरीदने की अपील की है।
अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी के इस बयान से जमाखोरी को बढ़ावा मिलेगा, बेतहाशा महंगाई बढ़ने के साथ-साथ भ्रष्टाचार में तेजी आएगी।
उन्होंने अपील की है कि इससे अच्छा होता कि पीएम मोदी अपनी आर्थिक और विदेश नीति पर ध्यान देते, जिसके कारण देश में भयावह स्थिति पैदा हो गई है। दुनिया के तमाम मुल्कों से हमारे रिश्ते खराब हो गए हैं।
सपा नेता ने कहा कि पीएम मोदी को अपनी विदेश यात्रा को बंद कर देना चाहिए। चुनाव के दौरान बड़ी रैलियों पर सख्त पाबंदी लगानी चाहिए, इसमें बहुत पैसा खर्च होता है। हमारे देश का गौरवशाली इतिहास रहा है, जब भी भारत पर कोई संकट आया है, जनता ने एक राय और एक विचारधारा के साथ उसका मुकाबला किया है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से मेरी विनम्रता पूर्वक निवेदन है कि देश की अर्थव्यवस्था को सुधारें, विदेश नीति को बेहतर करने के साथ ही गलत तरीके से हो रहे अधिकारियों के विदेशी दौरे पर रोक लगाएं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

