पीएम मोदी के 4एस के मार्गदर्शन में यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर को नई प्राथमिकता देता है: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट को इंफ्रास्ट्रक्चर को नई प्राथमिकता देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली का बजट प्रधानमंत्री मोदी के 4एस के मार्गदर्शन से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4एस—स्कोप, स्केल, स्पीड, और स्किल—के मार्गदर्शन में यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर को नई प्राथमिकता देता है।
उन्होंने कहा कि नई सड़कें, बेहतर री-कारपेटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों, झुग्गी झोपड़ियों और गांवों में तेज विकास कार्य, हर क्षेत्र में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित होंगे। फ्लाईओवर, अंडरपास, साइकिल ट्रैक, पार्किंग, नए फायर स्टेशन, क्विक रिस्पांस व्हीकल और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं दिल्ली को और सक्षम बनाएंगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि एक व्यवस्थित, आधुनिक और विकसित दिल्ली की मजबूत नींव है।
इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को पंजाबी बाग स्टेडियम में सिंधी रॉयल क्लब द्वारा आयोजित चेटीचंड मेले में सम्मिलित हुईं। इस दौरान उन्होंने चेटीचंड को आस्था, अस्मिता और सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज पंजाबी बाग स्टेडियम में सिंधी रॉयल क्लब द्वारा आयोजित चेटीचंड मेले में सम्मिलित हुईं। चेटीचंड केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, अस्मिता और सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। भगवान झूलेलाल जी की जयंती के रूप में मनाया जाने वाला यह पावन दिवस सिंधी समाज की एकता, संघर्ष और पुनर्निर्माण की अद्भुत यात्रा को स्मरण करता है।
उन्होंने लिखा कि दिल्ली की विविधता में सिंधी समाज का योगदान समृद्ध विरासत, उद्यमिता और सेवा भावना के रूप में सदैव प्रेरणादायी रहा है। इस भव्य आयोजन के लिए सिंधी रॉयल क्लब के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई।
इस अवसर पर पंजाबी बाग चेटीचंड मेले के प्रधान मनोहर बलवानी, पूर्व प्रधान सुरेश खत्री, विनोद नेनवानी, लख्मीचंद मकरानी, सुशील, जीपी मदनाणी सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एमएस/

